Sonbhadra News : बारिश ने ग्राम पंचायतों की खोली पोल, बड़ी संख्या में पात्र रह रहे कच्चे मकान में
जिले में कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया वहीं बारिश गरीबों के लिए कहर बन कर आई है। लगातार बारिश की वजह से जिले के अलग अलग हिस्सों में कई कच्चे मकान धराशायी हो गए ।

sonbhadra
8:02 PM, September 18, 2024
मंटू शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । जिले में विगत कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया वहीं बारिश गरीबों के लिए कहर बन कर आई है । लगातार बारिश की वजह से जिले के अलग अलग हिस्सों में कई कच्चे मकान धराशायी हो गए । जिससे जहां गरीबों का आशियाना छिन गया वहीं गृहस्ती का सामान भी नुकसान हो गया ।
झमाझम बारिश की वजह से ग्राम बिल्ली मारकुंडी के बारी पथरी टोला में फूलवंती पत्नी लल्लीराम व लालती देवी पत्नी लल्लन का कच्चा का मकान भी ढह गया । जिसमें घर गृहस्थी का समान का भी दबकर नुक़सान हो गया । कच्चा मकान गिर जाने से परेशान 59 वर्षीय फुलवंती ने बताया कि उनके 64 वर्षीय पति लल्लीराम लकवा के मरीज हैं, जिसकी वजह से वह चल फिर नहीं पाते । ऐसे में वे क्या करें कहाँ जाएं कुछ समझ में नहीं आ रहा ।
वही दूसरी पीड़ित 64 वर्षीय ललिता देवी ने बताया कि वह विधवा हैं, उसका भी कच्चा मकान बारिश में गिर गया । ऐसी स्थिति में वे कहां जाएं कहां रहें कुछ समझ में नहीं आ रहा है। किसी से कोई मदद भी नहीं मिल रही है ।
हालांकि घर गिरने की जानकारी स्थानीय लोगो ने बिल्ली मारकुंडी ग्राम प्रधान को दिया है। जिसके बाद प्रधान द्वारा शासन से मिलने वाली सहायता को दिलवाने का आश्वासन दिया गया।
इस समस्या पर जब क्षेत्रीय लेखपाल के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन नहीं लगा ।
कुल मिलाकर सितम्बर माह में बारिश गरीबों के लिए कहर बन कर आया है, लेकिन आफ़त की बारिश ने ग्राम पंचायतों में बांटे गए आवास की पोल खोलकर भी रख दी। जिले में आज भी बड़ी संख्या में पात्र ग्रामीण आवास से वंचित हैं । ऐसे में प्रशासन को तत्काल पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए तत्पर रहने की जरूरत है ।




