Sonbhadra News : रेलवे यूनियन ने नए डीटीएम रंजीत कुमार का किया स्वागत, मांगों पर हुई सकारात्मक चर्चा
शनिवार को ECREU एवं AILRSA की संयुक्त टीम ने नए डीटीएम रंजीत कुमार को फूलों का गुलदस्ता एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।

sonbhadra
10:12 PM, February 28, 2026
घनश्याम पांडे विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । शनिवार को ECREU एवं AILRSA की संयुक्त टीम ने नए डीटीएम रंजीत कुमार को फूलों का गुलदस्ता एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर सकारात्मक माहौल में विस्तृत चर्चा की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने मगरदाह स्टेशन पर समर्सिबल पंप लगाए जाने की मांग उठाई, ताकि पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। फिलहाल अंतरिम व्यवस्था के रूप में सप्ताह में तीन दिन वाटर टैंक के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके साथ ही RNQ में क्रू एवं गार्ड के लिए वेटिंग रूम की व्यवस्था कराने की मांग रखी गई, क्योंकि वर्तमान में वहां ठहरने के लिए कोई स्थान उपलब्ध नहीं है। इस पर शीघ्र उपयुक्त जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। चोपन स्टेशन पर स्टाफ के लिए दोपहिया वाहन स्टैंड का निर्माण कराने, आगामी गर्मी को देखते हुए सभी स्टेशनों पर वाटर कूलर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शेड का विस्तार करने तथा रेणुकूट जोगीडीह क्षेत्र में बिजली संबंधी कार्यों को जल्द पूर्ण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अतिरिक्त रेलवे आवासों की जर्जर स्थिति और रनिंग कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जोनल संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार ने कहा कि चोपन क्षेत्र में कर्मचारियों का उत्थान एवं विकास अत्यंत आवश्यक है।शाखा अध्यक्ष संतोष दुबे ने रेलवे आवासों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों के मनोबल को सुदृढ़ करना यूनियन की नैतिक जिम्मेदारी है और इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाएगा। उपाध्यक्ष सतीश कुमार ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शेड बड़ा करने की आवश्यकता पर बल दिया। एस. के. मंडल एवं AILRSA के मंडल सहायक सचिव जावेद अख्तर ने रनिंग स्टाफ की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके त्वरित निराकरण की मांग की। धनबाद मंडल उपाध्यक्ष संतू दास ने रेणुकूट जोगीडीह में बिजली कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की अपील की। कार्यक्रम में चोपन कोषाध्यक्ष इंद्रजीत कुमार, सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग से सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा कर्मचारियों की मांगों के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई गई।



