Sonbhadra News : ट्रैक मेंटनेन्स कार्य के लिए दो दिन बंद रहेगा रेलवे गेट
यदि आप रॉबर्ट्सगंज-पंन्नुगंज मार्ग के रहवासी हैं और होली पर रॉबर्ट्सगंज बाजार जाकर खरीदारी करने वाले हो तो ये खबर आपके लिए ही है, दीपावली के बाद अब होली से पूर्व भी दो दिनों के लिए रेलवे प्रशासन...

sonbhadra
6:36 AM, March 6, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यदि आप रॉबर्ट्सगंज-पंन्नुगंज मार्ग के रहवासी हैं और होली पर रॉबर्ट्सगंज बाजार जाकर खरीदारी करने वाले हो तो ये खबर आपके लिए ही है, दीपावली के बाद अब होली से पूर्व भी दो दिनों के लिए रेलवे प्रशासन ट्रैक मेंटेनन्स का कार्य करेगा, जिसको लेकर आगामी 9 व 10 मार्च क़ो रॉबर्ट्सगंज नगर के रॉबर्ट्सगंज-रामगढ़ मार्ग पर स्थित स्थित रेलवे क्रासिंग बंद रहेगा। उक्त जानकारी सीनियर सेक्शन इंजीनियर/रेल पथ उत्तर मध्य रेलवे चुर्क की तरफ से पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी को दी गई है।
पत्र के माध्यम से सेक्शन इंजीनियर/रेल पथ उत्तर मध्य रेलवे चुर्क ने बताया कि "नौ मार्च और 10 मार्च को रेलवे स्टेशन सोनभद्र के पास समपार संख्या 37/बी किमी केएम 168/23-25 पर ट्रैक मेंटनेंस का कार्य किया जाना है। जिस कारण समपार संख्या 37/बी सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक रोड ट्रैफिक आवागमन के लिए स्थायी रूप से बंद रहेगा।"
दूसरी तरफ रंगो के त्योहार होली से दो दिन पहले क्रॉसिंग बंद किए जाने की सूचना से लोगों में रोष हैं। इससे पहले दीपावली पर्व से पूर्व भी पांच दिनों के लिए क्रॉसिंग बंद किया गया था। इससे व्यवसायियों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। स्थानीय व्यापारियों व निवासियों ने रेलवे प्रशासन से होली बाद ट्रैक मेंटीनेन्स कार्य कराए जाने की मांग की है।




