Sonbhadra News : चीनी के बढ़ते दामों के बीच आरके सेल्स के गोदाम पर छापा, 450 बोरा चीनी बरामद
चीनी के बढ़ते दामों के बीच आज दुद्धी तहसील प्रशासन ने नगर के खाड़पाथर स्थित चीनी स्टॉकिस्ट आरके सेल्स के गोदाम पर अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। प्रशासनिक टीम की कार्रवाई के दौरान गोदाम में.......

गोदाम में छापेमारी करती तहसील प्रशासन......
sonbhadra
5:59 PM, August 22, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट । चीनी के बढ़ते दामों के बीच आज दुद्धी तहसील प्रशासन ने नगर के खाड़पाथर स्थित चीनी स्टॉकिस्ट आरके सेल्स के गोदाम पर अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। प्रशासनिक टीम की कार्रवाई के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक मिला, लेकिन मौके पर स्टॉक से संबंधित आवश्यक अभिलेख और कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा सके। जांच में 450 बोरा चीनी बरामद होने के बाद प्रशासन ने स्टॉक को लेकर जांच शुरू कर दी।
चीनी के दामों में लगातार बढ़ोतरी के बीच इतनी बड़ी मात्रा में स्टॉक मिलने और उससे संबंधित दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने को लेकर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में चीनी कब और कहां से लाई गई, किस उद्देश्य से स्टॉक की गई थी और इसका भंडारण एवं कारोबार निर्धारित नियमों के अनुरूप है या नहीं।
दाम बढ़े तो स्टॉक पर प्रशासन की नजर -
चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच बड़े स्टॉक को लेकर प्रशासन की कार्यवाही ने कारोबारियों में भी खलबली मचा दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि बाजार में जब चीनी के दाम बढ़ रहे हैं, तब कहीं बड़े पैमाने पर स्टॉक जमा कर बाजार में कृत्रिम कमी अथवा कीमतों को प्रभावित करने की कोशिश तो नहीं की जा रही? हालांकि, प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
तहसील प्रशासन की टीम ने गोदाम में रखे स्टॉक का सत्यापन शुरू कर दिया है। साथ ही चीनी की खरीद, बिक्री, भंडारण और स्टॉक रजिस्टर समेत संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह भी पता लगाना है कि बरामद 450 बोरे चीनी का स्टॉक वैध है अथवा निर्धारित सीमा और नियमों का उल्लंघन कर जमा किया गया है।
कागजात गायब, अब जांच में खुलेगा राज -
कार्यवाही के दौरान मौके पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने से प्रशासन की जांच और महत्वपूर्ण हो गई है। अधिकारियों ने मौके से जरूरी जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद यदि स्टॉक में किसी तरह की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही में नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार, आपूर्ति निरीक्षक परवेज आलम और लेखपाल रंजय यादव शामिल रहे।




