Sonbhadra news : विश्व माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता आयोजित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत “विश्व माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान” के तहत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया

sonbhadra
3:04 PM, May 12, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत “विश्व माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान” के तहत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना रहा।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. विभा पाण्डेय ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी महिलाओं की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसे लेकर किसी प्रकार का संकोच या शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए। समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि इससे जुड़ी गलत धारणाओं को समाप्त किया जा सके।
उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ सैनिटरी पैड के उपयोग, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में भी बताया। जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर अपनी जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने माहवारी स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. संघमित्रा, डॉ. अंजली सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।




