Sonbhadra News : मंदिरों की सुरक्षा पर सवाल, लोगों ने जताई चिंता
जिस तरह से करमा में जोगिनी, मदैनिया सहित चार चोरियां और फिर मधुपुर के गौराही गाँव स्थित प्राचीन काली मन्दिर से लगभग 20 किलो के घंटा की चोरी, और अब चोपन में चोरी की घटना...

sonbhadra
9:25 PM, September 26, 2026
- क्या जानबूझ मंदिरों को किया जा रहा टारगेट
- करमा, मधुपुर और चोपन में चोर मन्दिर में लगा चुके हैं सेंध
- किसी चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा
शांतनु कुमार
सोनभद्र। चोपन काली मन्दिर से चोरी की घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गयी कि क्या जनपद में कोई ऐसा गिरोह काम कर रहा है जो सिर्फ मंदिरों को ही टारगेट कर रहा है। क्योंकि जिस तरह से करमा में जोगिनी, मदैनिया सहित चार चोरियां और फिर मधुपुर के गौराही गाँव स्थित प्राचीन काली मन्दिर से लगभग 20 किलो के घंटा की चोरी, और अब चोपन में चोरी की घटना ने न सिर्फ श्रद्धालुओं में आक्रोश भर दिया बल्कि पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिया।
यहाँ गौर करने वाली बात यह है कि जो भी गिरोह काम कर रहा है वह पुलिस को बड़ी चुनौती दे रहा है। करमा में थानेदारी बदला तो चोरों ने भी सलामी देते हुए दो मंदिरों में सेंध लगा दी। मधुपुर में भी पुलिस को हवा तक नहीं लगी और मन्दिर से घंटा चोरी हो गया। लेकिन चोरों ने सबसे बड़ी हिमाकत चोपन में दिखाई, जिस चोपन में एसपी ने नई चौकी का लोकार्पण इस उद्देश्य से किया कि यहाँ जनता को कानून व्यवस्था व सुरक्षा बेहतर मिलेगी। लेकिन उसी रात चोरों ने माँ की चांदी का मुकुट और छत्र पर हाथ साफ कर दिया।
यूँ तो जनपद में चोरी की घटनाएं बढ़ी है लेकिन मन्दिर में चोरी लोगों की नजर में शर्मसार करने वाला है। लोगों का मानना है कि जब पुलिस धार्मिक स्थलों को सुरक्षित नहीं रख सकती तो आम आदमी के सुरक्षा की बात करना बेईमानी होगा।




