Sonbhadra News : नारी सुरक्षा के दावों पर सवाल! पीड़िता बोली - इज्जत भी लूटी, पैसे भी गए......अब पुलिस भी नहीं दे रही साथ
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन महिला उत्पीड़न, शोषण और धमकी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

sonbhadra
8:13 PM, May 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । एक ओर योगी सरकार महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर ‘मिशन शक्ति’ जैसे अभियान चलाकर महिलाओं को जागरूक करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक सनसनीखेज मामला उन दावों की जमीनी हकीकत पर बड़े सवाल खड़े करता दिख रहा है। जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन महिला उत्पीड़न, शोषण और धमकी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
पुलिस को दिए तहरीर में है कि एक महिला को अल्ट्रासाउंड सेंटर में साझेदारी का सपना दिखाकर पहले दो लाख रुपये ठग लिए गए और फिर डेढ़ वर्ष तक डर, धमकी और दबाव के सहारे उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा। इतना ही नहीं, विरोध करने पर महिला और उसके तीन बच्चों को जान से मारने की धमकी तक दी गई। घटना ने महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध और पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़िता के मुताबिक, शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी खुद निवासी एक महिला जो वर्तमान में उरमौरा रॉबर्ट्सगंज में रहती हैं, ने आरोप लगाया है कि चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र निवासी राजन मौर्या, जो रॉबर्ट्सगंज स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर से जुड़ा है, ने उनसे नजदीकी बढ़ाकर सामूहिक रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर खोलने का झांसा दिया। महिला का आरोप है कि इसी बहाने आरोपी ने उससे लगभग दो लाख रुपये ले लिए।
पीड़िता के मुताबिक, रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार उसे अपने अल्ट्रासाउंड सेंटर बुलाता रहा और जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताकर लगातार धमकाता था। उसने कथित तौर पर कहा कि यदि किसी से शिकायत की गई तो वह महिला और उसके तीनों बच्चों को जान से मार देगा।
पीड़िता का आरोप है कि 19 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच आरोपी उसे रॉबर्ट्सगंज स्थित अपने बहनोई के रेलवे फाटक के करीब स्थित सतगुरु हॉस्पिटल ले गया, जहां कमरे में बंद कर जातिसूचक एवं अश्लील गालियां दी गईं। आरोप है कि आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बाद में वहां से भगा दिया। इसके बाद भी लगातार उसे पुलिस में शिकायत न करने के लिए धमकियां दी जाती रहीं। पीड़िता का कहना है कि भय और दबाव के कारण वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन अब उसने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।




