Sonbhadra News : गोवंशों की सुरक्षा पर सवाल, विश्व हिंदू महासंघ भारत ने जताई चिंता
विश्व हिंदू महासंघ भारत के महामंत्री सूर्या सिंह के मुताबिक गौशाला में मृत बछड़े के शव को कौवा नोच रहे थे। गोवंशों को ढंग का भोजन तक नहीं मिल रहा। कई नाद में सिर्फ सूखा भूसा था, चूनी नहीं दिखी।

sonbhadra
2:22 PM, September 25, 2026
- विश्व हिंदू महासंघ भारत के महामंत्री ने जांच की मांग की
शांतनु कुमार/घनश्याम पांडेय
सोनभद्र । गोवंशों की सुरक्षा को लेकर विश्व हिंदू महासंघ भारत ने भी चिंता जाहिर की है। गुरुवार शाम विश्व हिंदू महासंघ भारत के कार्यकर्ता
ओबरा नगर पंचायत की गौशाला में निरीक्षण करने पहुंचे तो वहाँ का नजारा देख कर दंग रह गए। विश्व हिंदू महासंघ भारत के महामंत्री सूर्या सिंह के मुताबिक गौशाला में मृत बछड़े के शव को कौवा नोच रहे थे। गोवंशों को ढंग का भोजन तक नहीं मिल रहा। कई नाद में सिर्फ सूखा भूसा था, चूनी नहीं दिखी। उनका कहना है कि गोवंशों को समुचित इलाज भी नहीं मिल पा रहा है। कार्यकर्ताओं ने पर्याप्त चारा-पानी और बीमार गोवंश के समुचित उपचार की मांग उठाई है । साथ ही मृत गोवंश के शवों का ससम्मान निस्तारण कराने की भी मांग की है।
सूर्या सिंह ने गौशाला की व्यवस्थाओं और निगरानी की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाय। उन्होंने कहा कि योगी सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
वहीँ करमा संवाददाता के मुताबिक 5-6 दिन पूर्व ट्रेन के धक्के से एक गोवंश घोरावल-राजवाहा में गिर गया था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद बाहर निकाला गया । मगर आज सुबह से मरणासन्न स्थिति में पड़ा हुआ है। कोई देखने ताकने वाला नहीं है। आसपास के लोग दाना-पानी दे रहे हैं ताकि जिंदा रहे।
आपको बता दें कि जनपद न्यूज live लगातार सड़कों पर गोवंशों की दुर्दशा की खबर लिखता रहा है।




