Sonbhadra News : डीएम के आदेश को ठेंगा दिखा रहा PWD, मानकों को ताक पर रखकर हो रहा सड़क निर्माण, ग्रामीणों में नाराजगी
एक तरफ नवागत जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं, तो दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। खलियारी में सड़क निर्माण के नाम पर कथित.........

sonbhadra
6:40 PM, April 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । एक तरफ जहां नवागत जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। खलियारी में सड़क निर्माण के नाम पर कथित अनियमितताओं ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि मानकों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा तक खतरे में पड़ गई है।
ऊपर से सख्ती के दावे और नीचे धरातल पर खुली लापरवाही -
जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के जिम्मेदार अधिकारी मानो जिलाधिकारी की चेतावनी को ठेंगा दिखाकर काम कर रहे हैं। खलियारी शराब भट्ठी से सरकारी अस्पताल तक बन रही सड़क ऊपर से सख्ती के दावे और नीचे धरातल पर खुली लापरवाही का ताजा उदाहरण बनकर सामने आई है। आरोप है कि निर्माण में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि या तो निगरानी पूरी तरह फेल है या फिर मिलीभगत से घटिया काम को अंजाम दिया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि सड़क बनने से पहले ही उसके खराब होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा अब फूट पड़ा है और उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन तय है।
सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियाँ -
दबी जुबान में ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) के तहत हो रहे इस निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सड़क निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया डामरीकरण को नजरअंदाज कर बिना तारकोल डाले ही सड़क तैयार की जा रही है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि सड़क कुछ ही समय में उखड़ जाएगी। निर्माण स्थल पर जगह-जगह गिट्टी, धूल और मलबा फैला हुआ है। न तो समुचित समतलीकरण किया गया है और न ही सुरक्षा मानकों का पालन। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोग, खासकर मरीज, अस्पताल तक पहुंचते हैं। ऐसे में घटिया निर्माण सीधे आम जनता की जान से खिलवाड़ जैसा है।
ग्रामीणों ने लगाया मनमानी का आरोप -
ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्य की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे साफ है कि पूरे मामले में लापरवाही बरती जा रही है।



