Sonbhadra News : बांग्लादेश में हिंदू उत्पीड़न के विरोध में निकाली जनाक्रोश रैली
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदू रक्षा समिति के बैनर तले विभिन्न हिंदू संगठन और महिलाएं सड़कों पर उतरीं।

sonbhadra
10:01 PM, August 24, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदू रक्षा समिति के बैनर तले विभिन्न हिंदू संगठन और महिलाएं सड़कों पर उतरीं। हाथ में स्लोगन लेकर रैली निकाली और बांग्लादेश मुर्दाबाद के नारे लगाए। जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान से जनाक्रोश रैली निकालने के साथ ही, सभा कर हिंदुओं की सुरक्षा, संस्कृति की संरक्षा के लिए आवाज बुलंद की। बांग्लादेश के साथ ही पूरे विश्व में हिंदू समाज के साथ ही, सिख, जैन, बौद्ध समाज के लोगों का संरक्षण हो, इसके लिए प्रभावी हस्तक्षेप की जरूरत जताई। इसी बीच हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा और उन पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग के साथ ही बाँग्लादेश के हालात को देखते हुए केंद्र सरकार से सैन्य हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते किया और इस संबंध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रमोद तिवारी को सौंपा।
हिंदू रक्षा समिति के जिलाध्यक्ष नारसिंह त्रिपाठी की अगुवाई में राबर्ट्सगंज और घोरावल तहसील से आए सैकड़ों लोगों ने नगर के रामलीला मैदान से राबर्टसगंज शहर में जुलूस की शक्ल में जनाक्रोश रैली निकाल बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ जारी हिंसा, उनके उत्पीड़न के विरोध में आक्रोश जताया।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि "बांग्लादेश राजनैतिक षड्यंत्र और अराजकता के दौर से गुजर रहा है। वहां रहने वाले निर्दोष अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय लोगों के साथ ही, सिख, बौद्ध, जैन संप्रदाय के नागरिकों पर हमले किए जा रहे हैं। दुनिया के किसी भी देश में हिंदुओं ने कभी कोई अराजकता नहीं फैलाई। शांतिपूर्ण जीवन जीने वाले हिंदुओं की बांग्लादेश में सामूहिक हत्या की जा रही है। नौकरी करने वाले हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन समाज के लोगों से इस्तीफे दिलाए जा रहे हैं। वहां कानून व्यवस्था नाम की चीज शून्य हो गई है, ऐसे में भारत का हिंदू समाज शांत नहीं बैठ सकता।"
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी का कहना है कि "केंद्र सरकार इस मामले में प्रभावी कदम उठाए। आवश्यक हो तो बांग्लादेश में सैन्य हस्तक्षेप भी किया जाए। इसके लिए देश का पूरा हिंदू समाज केंद्र सरकार के साथ है।"




