Sonbhadra News : राष्ट्रीय बालिका दिवस पर निकाली गयी जनजागरूकता रैली
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को लेकर एक रैली निकाली गई। जिसे मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी और मुख्य चिकित्साधिकारी....

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना करती सीडीओ और सीएमओ
sonbhadra
5:18 PM, January 24, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को लेकर एक रैली निकाली गई। जिसे मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने कहा कि "राष्ट्रीय बालिका दिवस एक महत्वपूर्ण दिन है जो दुनिया भर में बालिकाओं के अधिकारों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने में मदद करता है। यह दिन हमें बालिकाओं के जीवन में सुधार के लिए काम करने और उन्हें एक बेहतर भविष्य देने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रीय बालिका दिवस को मनाने का उद्देश्य बेटियों को जागरूक करना है। अपने अधिकारों के लिए, अपनी सुरक्षा और बराबरी के लिए, जिससे वो आने वाली सभी चुनौतियों और परेशानियों का हिम्मत के साथ डटकर मुकाबला कर पाएं। बालिका दिवस का दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह लिंग-आधारित चुनौतियों को समाप्त करता है।"
रैली के पश्चात स्वास्थ्य विभाग द्वारा राजा शारदा महेश इंटर कालेज में भ्रूण हत्या, लिंगानुपात आदि विषय पर छात्राओं का वाद-विवाद प्रतियोगिता कराया गया। वहीं नोडल अधिकारी द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। नोडल अधिकारी ने बताया कि मण्डल स्तर पर भी उक्त प्रतियोगिता कराया जाना है एवं जनपद से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों द्वारा वहां पर प्रतिभाग लिया जायेगा।
रैली में डॉ0 प्रेमनाथ, डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद, डॉ0 गिरधारी लाल, डॉ0 सूबेदार प्रसाद, पी0के0 सिंह, शुभम सिंह, रिपुंजय श्रीवास्तव सहित छात्राएं उपस्थित रही।




