Sonbhadra News : योग सप्ताह को भव्य बनाने की तैयारी तेज, 15 जून से शुरू होंगे जिलेभर में विशेष कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जनपद में भव्य, दिव्य एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। योग दिवस के सफल आयोजन तथा 15 जून से 21 जून तक प्रस्तावित योग सप्ताह कार्यक्रमों.....

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में बैठक करते डीएम चर्चित गोंड.....
sonbhadra
6:10 PM, June 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन बनाने पर जोर, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
सोनभद्र । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जनपद में भव्य, दिव्य एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। योग दिवस के सफल आयोजन तथा 15 जून से 21 जून तक प्रस्तावित योग सप्ताह कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने योग सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। इसलिए योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को कलेक्ट्रेट परिसर से किया जाएगा। इसके बाद जनपद के विभिन्न स्थलों पर लगातार योग से जुड़े कार्यक्रम संचालित होंगे। शिवाजी मिनी स्टेडियम, जिला कारागार, सभी तहसीलों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पार्कों तथा नदी तटों पर सामूहिक योगाभ्यास, योग प्रतिज्ञा कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, योग प्रतियोगिताएं एवं विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह सहित आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




