बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने कहा कि "नशे के खिलाफ अभियान केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता भी इसमें बेहद जरूरी है। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की प्रभावी पैरवी और त्वरित निस्तारण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देने के लिए शपथ, संगोष्ठी, रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।"