Sonbhadra News : युवक को तालिबानी सजा देने वालों पर कसा पुलिस का शिकंजा, 10 आरोपी गिरफ्तार
बभनी थाना क्षेत्र में मारपीट एवं अमानवीय कृत्य के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक छेड़खानी की बात को लेकर एक युवक को रास्ते से.........

ऊपर गिरफ्तार आरोपीगण, नीचे एएसपी (नक्सल) ऋषभ रुणवाल....
sonbhadra
12:54 PM, August 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बभनी थाना क्षेत्र में मारपीट एवं अमानवीय कृत्य के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक छेड़खानी की बात को लेकर एक युवक को रास्ते से जबरन घर में खींच ले जाकर मारपीट करने, अमानवीय कृत्य और अपमानित करने का आरोप है। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची युवक के भाई की पत्नी के साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बभनी अरविन्द सरोज के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
बाजार से घर लौट रहा था युवक, रास्ते में घेरने का आरोप -
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ईकदिरी निवासी सरजू प्रसाद ने बताया कि छह अगस्त को उसका भाई भोला प्रसाद बभनी बाजार से घर वापस लौट रहा था। आरोप है कि दराई मोड़ के पास विपक्षीगण ने एक राय होकर उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से जबरन घर के अंदर खींच ले गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और कथित रूप से अमानवीय कृत्य करते हुए उसे अपमानित किया गया।
बीच-बचाव करने पहुंची महिला से भी मारपीट का आरोप -
शिकायतकर्ता के मुताबिक घटना की जानकारी होने पर उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट की। महिला के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष ने सात अगस्त को थाना बभनी पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने शुरू की धरपकड़ -
तहरीर के आधार पर थाना बभनी पुलिस ने धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) एवं 191(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्यवाही तेज कर दी। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
एएसपी ऋषभ रुणवाल बोले, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्यवाही -
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि "मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्यवाही शुरू की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और किसी व्यक्ति के साथ मारपीट अथवा अमानवीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। प्रकरण में गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय भेजा गया है तथा विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।"
एक ही गांव के सभी आरोपी -
गिरफ्तार आरोपियों में अजय पुत्र राजेन्द्र, राजेन्द्र पुत्र छबिलाल, चितरंजन पुत्र शिवलोचन, ममता पत्नी अजय, चिंता पत्नी अयोध्या, शंभू पुत्र अशर्फी लाल, संजय पुत्र सीताराम, सीताराम पुत्र मनोरथ, रामकिशुन पुत्र मनमूरत और बीगन पुत्र रत्तू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी ग्राम करकच्छी, थाना बभनी के निवासी हैं।
घटना ने खड़े किए गंभीर सवाल -
किसी आरोप या विवाद को लेकर कानून अपने हाथ में लेकर मारपीट और कथित अमानवीय कृत्य करने का आरोप सामने आना गंभीर मामला है। पुलिस की त्वरित कार्यवाही के बाद अब मामले की विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों पर निगाह रहेगी। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।




