Sonbhadra News : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ पुलिस लाइन चुर्क, एसपी दंपती ने उतारी कान्हा की आरती
चुर्क स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आज मध्यरात्रि "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोष से गूंज उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुलिस परिवार ने श्रद्धा, उल्ला....

पुलिस लाइन चुर्क में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाते एसपी अभिषेक वर्मा व अन्य पुलिसकर्मी.......
sonbhadra
2:20 PM, September 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चुर्क स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आज मध्यरात्रि "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की......" के जयघोष से गूंज उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुलिस परिवार ने श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ पर्व मनाया। मंदिर में आकर्षक सजावट और बाल गोपाल की मनमोहक झांकी ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण भजनों की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
बाल लीलाओं ने मोहा मन -
जन्माष्टमी समारोह में पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम में पुलिस परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के बीच आत्मीयता, प्रेम और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं श्रीकृष्ण -
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी जैसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने के साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव, सौहार्द और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
समारोह के समापन पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिवारीजन मौजूद रहे।




