Sonbhadra News : होली और रमजान पर पुलिस का कड़ा पहरा, एसपी ने फोर्स के साथ किया पैदल मार्च
आगामी होली के उत्सव और रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए सोनभद्र पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जनपद में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस.....

फूट मार्च करती पुलिस फोर्स साथ में एसपी अभिषेक वर्मा व अन्य......
sonbhadra
7:38 PM, February 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी होली के उत्सव और रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए सोनभद्र पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जनपद में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, एएसपी अनिल सिंह, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने भारी बल के साथ शहर के स्वर्ण जयंती चौक से होते हुए सिविल लाइन रोड, मेन चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। इस कवायद का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश देना है।
दो जोन और छह सेक्टर में बंटा जिला -
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि "संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के इंतजाम कड़े रहेंगे। जिले को दो जोन व छह सेक्टरों में बांटा है। सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। खासकर उन इलाकों में जहां भीड़ ज्यादा होती है या पूर्व में किसी प्रकार की अप्रिय घटनाएं सामने आई हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी।"
त्यौहार में माहौल खराब करने व अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध होगी कड़ी कार्यवाही -
एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी से अपील किया कि "वे त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि त्योहारों की आड़ में माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट डालने वालों की निगरानी के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है।"
किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखने पर दें पुलिस को सूचना -
एसपी अभिषेक वर्मा ने जनता से अनुरोध किया कि "किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखने पर तत्काल कंट्रोल रूम या संबंधित थाने को सूचित करें। वहीं जनपदवासियों ने पुलिस की इस सक्रियता की प्रशंसा की है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पूरे त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि शांतिपूर्ण ढंग से उत्सव संपन्न हो सकें।"




