Sonbhadra News : विस्फोटक गोदाम में पहुंची पुलिस-फायर टीम, सुरक्षा मानकों की परखी जमीनी हकीकत
विस्फोटक पदार्थों के भंडारण वाले गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रविवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा फायर...

विस्फोटक गोदाम का निरीक्षण करते सीओ सिटी रणधीर मिश्रा व सेकेंड अग्निशमन अधिकारी करन यादव......
sonbhadra
7:02 PM, September 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विस्फोटक पदार्थों के भंडारण वाले गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रविवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा फायर सर्विस टीम के साथ रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र स्थित विस्फोटक पदार्थ के गोदाम पर पहुंचे। अचानक हुई इस जांच से गोदाम में मौजूद कर्मचारियों में भी हलचल रही। टीम ने सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत परखी और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विस्फोटक पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था, सुरक्षा मानकों के अनुपालन, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की बारीकी से जांच की गई। टीम ने यह भी देखा कि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में आग पर तत्काल काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं।
सीओ सिटी ने संबंधित कर्मचारियों से गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि विस्फोटक पदार्थों के भंडारण जैसे संवेदनशील मामले में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। लिहाजा सभी सुरक्षा उपकरण दुरुस्त स्थिति में रखे जाएं और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा मानकों से नहीं होगा समझौता -
क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने गोदाम परिसर में अग्निशमन मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, सुरक्षा उपकरणों के समुचित रख-रखाव और आपात स्थिति में त्वरित बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को आगाह किया कि निर्धारित मानकों की अनदेखी अथवा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।




