Sonbhadra News : मारकुंडी घाटी में मिले नवविवाहित दंपति के शव की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
चोपन थाना क्षेत्र की खतरनाक मारकुंडी घाटी में नवविवाहित दंपति के शव मिलने से पूरे जनपद में सनसनी फैल गई। गहरी खाई में पड़े दोनों शवों के पास उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
11:56 PM, July 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• महाकाल के दर्शन के लिए निकले थे पति-पत्नी
• गहरी खाई में क्षतिग्रस्त बाइक के साथ मिला नवदंपति का शव
सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र की खतरनाक मारकुंडी घाटी में नवविवाहित दंपति के शव मिलने से पूरे जनपद में सनसनी फैल गई। गहरी खाई में पड़े दोनों शवों के पास उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राहुल यादव (22वर्ष) पुत्र बबुंदर यादव एवं उनकी पत्नी चंदा यादव उर्फ इंद्रावती यादव (19वर्ष) निवासी ग्राम बिच्छी, कोतवाली रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। दोनों की शादी महज दो माह पहले 6 मई को सलखन में हुई थी। शादी के बाद दोनों पहली बार उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन यह धार्मिक यात्रा उनकी जिंदगी की अंतिम यात्रा बन गई।
आठ जुलाई को घर से निकले, फिर नहीं लौटा दंपति
परिजनों के मुताबिक राहुल 8 जुलाई को बाइक से उज्जैन जाने के लिए घर से निकला था। रॉबर्ट्सगंज पहुंचने के बाद वह अपनी पत्नी चंदा को साथ लेकर आगे रवाना हो गया। इसके बाद दोनों से कोई संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों ने समझा कि दोनों यात्रा पर हैं और जल्द लौट आएंगे। इसी कारण किसी भी पक्ष द्वारा गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई।
गहरी खाई में पड़े मिले शव, हालत देखकर दहल उठे ग्रामीण
रविवार को मारकुंडी घाटी से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर गहरी खाई में पड़े दो शवों पर पड़ी। सूचना मिलते ही गुरमा चौकी और चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खाई से दोनों शवों और क्षतिग्रस्त बाइक को बाहर निकलवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव कई दिन पुराने हो चुके थे। सड़-गल जाने के कारण उनमें कीड़े पड़ चुके थे, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हादसा चार से पांच दिन पहले हुआ होगा और दंपति की किसी की नजर न पड़ने के कारण समय पर मदद नहीं मिल सकी।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राहुल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि चंदा रॉबर्ट्सगंज नगर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थी। नवविवाहित दंपति की असामयिक मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल गुप्ता ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को सुरक्षित कर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मारकुंडी घाटी में बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे पति-पत्नी की मौत हो गई। हालांकि, पुलिस केवल दुर्घटना के पहलू तक सीमित नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आता है तो उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। महाकाल के दर्शन की आस लेकर निकले नवविवाहित दंपति की मौत ने उनके परिवार के सभी सपनों को एक झटके में बिखेर दिया, जबकि पुलिस अब इस दर्दनाक घटना की हर कड़ी जोड़कर मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।




