Sonbhadra News : घर में घुसकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, 3 शातिर गिरफ्तार, आभूषण व पीतल के बर्तन बरामद
थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरों में घुसकर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, पीतल के बर्तन और ...

गिरफ्तार शातिर चोरों के साथ पुलिस टीम........
sonbhadra
3:47 PM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरों में घुसकर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, पीतल के बर्तन और नगद धनराशि बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 4 मई को थाना रॉबर्ट्सगंज की टीम क्षेत्र में गश्त व वांछित अभियुक्तों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धारा 305(ए) बीएनएस से संबंधित आरोपी प्रिन्स त्रिपाठी उर्फ राजा त्रिपाठी अपने साथियों के साथ ग्राम बहुआर स्थित तालाब के पास चोरी के माल का बंटवारा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीनों आरोपियों बहुआर निवासी प्रिन्स त्रिपाठी उर्फ राजा त्रिपाठी (21 वर्ष), आनन्द शंकर त्रिपाठी उर्फ बादशाह (38 वर्ष) और योगेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ लालू मिश्रा (40 वर्ष) को गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से महिलाओं के आभूषण (पायल व बिछिया) और नगद राशि बरामद हुई। इसके अलावा उनकी निशानदेही पर नहर पुलिया के पास छिपाकर रखे गए पीतल के बर्तन बटुआ, फूल, कटोरा, परात आदि भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी श्वेत पाठक के साथ मिलकर वादी बिजेश्वर तिवारी के घर में रात के समय घुसकर चोरी की थी। चोरी का सामान अलग-अलग जगह छिपा दिया गया था और उसे बेचने व बांटने के लिए सभी एकत्र हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने इस मामले में धारा 317(2) व 329(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। वहीं फरार सह अभियुक्त श्वेत पाठक की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 शाहिद खान, हे0का0 हेमंत बारी, का0 सत्येंद्र कुमार और देवेंद्र कुमार शामिल रहे।




