Sonbhadra news : दुर्गा पूजा पंडालों में अग्निसुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, आयोजकों को दिए निर्देश
दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने अग्निसुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

sonbhadra
7:19 PM, October 11, 2026
- रॉबर्ट्सगंज में निर्माणाधीन दुर्गा पंडालों का निरीक्षण, आग से बचाव के उपायों के प्रति किया जागरूक
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र । दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने अग्निसुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज कस्बे में प्रभारी अग्निशमन के नेतृत्व में निर्माणाधीन अस्थायी दुर्गा पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पंडालों में आग से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की जांच की गई और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण अभियान के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आयोजकों को अग्निसुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए। साथ ही आग लगने की संभावित घटनाओं को रोकने, सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। आयोजकों को पंडालों में अग्निसुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने और निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया।
पुलिस की ओर से बताया गया कि आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अग्निदुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण में पर्व संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




