Sonbhadra News : रोडवेज बस में जहरखुरानों ने यात्री को बनाया शिकार, 5500 रुपये लेकर हुए फरार
उन्होंने बताया कि जहरखुरानों ने उनके जेब में रखे लगभग 5500 रुपये निकाल लिए और उन्हें डाला के एक मंदिर में छोड़ दिया था।

sonbhadra
6:20 PM, November 27, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
० 12 घंटे तक बेहोश रहे जयकुमार पांडेय, परिवार में मचा रहा हड़कंप, पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
रेणुकूट (सोनभद्र) । औद्योगिक नगरी रेणुकूट और आसपास के क्षेत्रों में जहरखुरान गिरोह की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। बुधवार की रात रोडवेज बस में सफर कर रहे मुर्धवा निवासी जयकुमार पांडेय को दो युवकों ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गए। आरोप है कि जहरखुरान उनके पास रखे लगभग 5500 रुपये लेकर उन्हें डाला स्थित एक मंदिर में छोड़कर फरार हो गए। करीब 12 घंटे बाद गुरुवार की सुबह उन्हें होश आया तो उन्होंने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया। जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात लगभग नौ बजे जयकुमार पांडेय ऑटो नहीं मिलने के कारण मुर्धवा जाने के लिए वाराणसी जा रही सरकारी रोडवेज बस में सवार हो गए थे। इसी दौरान बस में बैठे दो युवकों ने बातचीत के जरिए उनसे मेलजोल बढ़ाया। कुछ देर बाद दोनों युवक उनके लिए चाय लेकर आए। चाय पीने के बाद वह अचेत हो गए। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं रही। उधर, रातभर जयकुमार के घर नहीं पहुंचने से परिजन परेशान रहे। पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुरुवार की सुबह परिजनों ने पिपरी थाने पहुंचकर उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। दोपहर करीब दो बजे जब जयकुमार का मोबाइल फोन लगा तो उन्होंने परिजनों को बताया कि वह डाला में हैं और वहां से बस पकड़कर रेणुकूट आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहरखुरानों ने उनके जेब में रखे लगभग 5500 रुपये निकाल लिए और उन्हें डाला के एक मंदिर में छोड़ दिया था।
मोबाइल चार्ज करने के बाद होश में आए जयकुमार ने परिजनों से संपर्क किया और गुरुवार शाम करीब चार बजे घर पहुंचे। इसके बाद वह पिपरी थाने जाकर पुलिस को अपनी सकुशल वापसी की जानकारी दी। इस घटना से क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।




