Chandauli news : भागवत कथा के श्रवण से जन्म-मृत्यु के चक्र से मिलती है मुक्ति: पंडित गौरांगी गौरी
जनपद के माधोपुर गांव में गुरुवार को भक्तिमय वातावरण के बीच सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।

chandauli
6:28 PM, November 27, 2026
सत्येंद्र यादव (संवाददाता)
◆ माधोपुर में भक्तिमय वातावरण में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
चंदौली। जनपद के माधोपुर गांव में गुरुवार को भक्तिमय वातावरण के बीच सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के आयोजन को लेकर गांव में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने कथास्थल पर पहुंचकर कथा का इंतजार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर ब्राह्मण भोज के आयोजन से हुई। इस दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सपरिवार ब्राह्मणों को भोजन परोसा। इसके बाद उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।
इसके बाद कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सपरिवार उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं के साथ कथा का श्रवण किया।
कथा के प्रथम दिन पंडित गौरांगी गौरी ने श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक महत्व और भगवान की महिमा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने मानव जीवन में भक्ति, सत्कर्म, धर्म और सदाचार की भूमिका समझाते हुए श्रद्धालुओं को आस्था एवं सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के भीतर आध्यात्मिक चेतना और भक्ति भाव को जागृत करता है। आंखों का काम अच्छा देखना, कानों का काम अच्छा सुनना, हाथों का काम अच्छे कार्य करना और मस्तिष्क का काम अच्छे विचारों को धारण करना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सच्चे मन और श्रद्धा से भागवत कथा का श्रवण करता है, तो उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। कथा के प्रभाव से मनुष्य अपनी बुराइयों को त्यागकर सद्मार्ग की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने आध्यात्मिक दृष्टि से बताया कि भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति का मार्ग प्राप्त कर सकता है।
कथावाचिका के प्रवचन के दौरान पूरा पंडाल श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा। पंडित गौरांगी गौरी के कथास्थल पर पहुंचने पर भक्तों ने जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने ध्यानमग्न होकर कथा के विभिन्न प्रसंगों और उनकी व्याख्या को सुना तथा उसे अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, उपेंद्र सिंह गुड्डू, रामजन्म यादव, इमरान खान, धर्मराज सिंह, नागेंद्र सिंह, अनुज सिंह, अमित सिंह, रमेश यादव, इंद्रजीत सिंह, बाला सिंह, रजनीश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




