Sonbhadra News : पीएम स्वनिधि योजना बनी रेहड़ी-पटरी दुकानदारों की संजीवनी, लोक कल्याण मेले में लाभार्थियों को मिला सम्मान
सड़क किनारे ठेला, खोमचा और छोटी दुकानों के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले हजारों रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को आर्थिक मजबूती देने के उद्देश्य से मंगलवार को आदर्श नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष.....

नपा सभागार में लोक कल्याण मेले में लाभार्थियों को ऋण देते भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव.....
sonbhadra
5:07 PM, June 9, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सड़क किनारे ठेला, खोमचा और छोटी दुकानों के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले हजारों रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को आर्थिक मजबूती देने के उद्देश्य से मंगलवार को आदर्श नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिसने कोरोना काल के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे लाखों स्ट्रीट वेंडरों को नया जीवन दिया है।
भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। पीएम स्वनिधि योजना उसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से रेहड़ी-पटरी दुकानदार बिना किसी बड़े बैंकिंग झंझट के ऋण प्राप्त कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को बताया गया कि योजना के तहत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण चुकाने पर 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान, डिजिटल लेन-देन पर मासिक कैशबैक तथा क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा लाभार्थियों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
मेले में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को परिचय बोर्ड और क्यूआर कोड वितरित किए गए तथा नए ऑनलाइन आवेदन भी कराए गए। योजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले पांच स्ट्रीट वेंडरों और नगर पालिका परिषद के पांच कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि आज भी अनेक रेहड़ी-पटरी दुकानदार जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित हैं। ऐसे लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाना और उन्हें लाभ दिलाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया गया ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में अवर अभियंता राजकुमार राज, सभासद मनोज चौबे, प्रदीप कुमार सिंह, रमेश जायसवाल, डूडा के ब्रजेश पटेल, नगर पालिका कर्मचारी संत कुमार सोनी सहित अन्य कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी दुकानदार उपस्थित रहे।।




