Sonbhadra news : स्टेडियम की बदहाल व्यवस्था पर खिलाड़ियों में नाराजगी, सफाई के लिए खुद उठानी पड़ी झाड़ू
स्टेडियम में पिछले सात दिनों से चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर खिलाड़ियों और आयोजन समिति में नाराजगी देखने को मिल रही है।

sonbhadra
8:04 PM, June 12, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा के मुख्य स्टेडियम में पिछले सात दिनों से चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर खिलाड़ियों और आयोजन समिति में नाराजगी देखने को मिल रही है। पूर्वांचल सहित आसपास के कई जिलों से आई टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं, लेकिन स्टेडियम परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई न होने से खिलाड़ियों और दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आयोजन समिति का कहना है कि उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से लिखित रूप से सफाईकर्मी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। समिति के अनुसार, प्रतिदिन कुछ घंटों के लिए सफाई कर्मचारियों की मांग की गई थी, ताकि मैदान और दर्शक दीर्घा को स्वच्छ रखा जा सके। उनका आरोप है कि अनुरोध के बावजूद अब तक कोई सफाईकर्मी नहीं भेजा गया।
सफाई व्यवस्था नहीं होने के कारण खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े युवाओं ने स्वयं मैदान की साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभाली। हाथों में झाड़ू लेकर उन्होंने स्टेडियम परिसर से कचरा हटाया और मैदान को खेलने योग्य बनाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि खेल आयोजन की गरिमा बनाए रखने और प्रतिभागियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने श्रमदान किया।
स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के बीच इस तरह की अव्यवस्था से क्षेत्र की छवि प्रभावित होती है। उनका कहना है कि खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता आवश्यक है।
आयोजन समिति ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से स्टेडियम की साफ-सफाई तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान देने की मांग की है, ताकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अब देखना होगा कि खिलाड़ियों और आयोजकों की इस मांग पर संबंधित विभाग क्या कदम उठाता है और भविष्य में खेल आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं।




