Sonbhadra News : डीएमएफ की बैठक में मिली शिक्षा, स्वास्थ्य और शुद्ध पेयजल आपूर्ति की योजनाओं को मंजूरी
आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत संचालित जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) की बैठक जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में खनन प्रभावित.....

sonbhadra
11:43 PM, March 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत संचालित जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) की बैठक जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कई महत्वपूर्ण कार्ययोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने नई सड़कों के निर्माण, जल संरक्षण, पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांग एवं बुजुर्गों के लिए सुविधाएं, चेकडैम निर्माण, माइनिंग भवन तथा इंजीनियरिंग कॉलेज में कक्ष निर्माण सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा की, जिन्हें सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।
वहीं जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने कहा कि "डीएमएफ के तहत प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए संबंधित विभाग शीघ्र अनुमान तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कराई जा सकें।"
इससे पूर्व वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह ने डीएमएफ फंड से पिछले वित्तीय वर्ष में कराए गए विकास कार्यों की बिंदुवार जानकारी दी। इस दौरान खनन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए संपर्क मार्गों के निर्माण व अनुरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया साथ ही डीएमएफ से कराए जा रहे कार्यों की जानकारी के लिए प्रदर्शन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़, सांसद छोटेलाल खरवार, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, एमएलसी प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव, विधायक घोरावल प्रतिनिधि सुरेन्द्र मौर्या, विधायक सदर प्रतिनिधि विकास मिश्रा, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला और ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप आदि रहे।



