Sonbhadra news : स्कूल के पास कूड़े का अंबार, दुर्गंध से ग्रामीण परेशान
सदर विकासखंड क्षेत्र के सलखन मुख्य बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप लंबे समय से जमा कूड़े-कचरे से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।

sonbhadra
12:07 PM, August 18, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। सदर विकासखंड क्षेत्र के सलखन मुख्य बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप लंबे समय से जमा कूड़े-कचरे से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। बरसात के मौसम में कचरे से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
कूड़े के ढेर के पास ही विद्यालय होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आसपास रहने वाले लोगों तथा बाजार से गुजरने वाले राहगीरों को भी बदबू और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी ग्राम प्रधान सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कूड़ा हटाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय और बस्ती के समीप जमा कूड़े को तत्काल हटवाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।




