Sonbhadra news : पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल
जुगैल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

sonbhadra
7:05 PM, April 30, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा परसीदहिया टोला के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करगरा भभाइचा (थाना चोपन) निवासी राजेंद्र प्रजापति (50 वर्ष) अपने साथी रामसुंदर के साथ जुगैल थाना क्षेत्र के बेलगढ़ी गांव में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय उनकी बाइक की आमने-सामने पिकअप से भिड़ंत हो गई।
हादसे में राजेंद्र प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामसुंदर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना चोपन थाना पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



