Sonbhadra News : डाला गोलीकांड में मारे गए अमर शहीदों की 35 वीं पुण्यतिथि पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि
डाला गोलीकांड में मारे गए अमर शहीदों की 35 वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने वाराणसी शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सांकेतिक चक्का जाम कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

sonbhadra
8:02 PM, June 2, 2026
- लाठी चार्ज व गोली से एक छात्र समेत नौ लोग शहीद हो गए थे
- प्रत्येक वर्ष 2 जून को मनाई जाती है शहीदों की पुण्यतिथि
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । डाला गोलीकांड में मारे गए अमर शहीदों की 35 वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने वाराणसी शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सांकेतिक चक्का जाम कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डाला तेरा यह बलिदान, याद करेगा हिंदुस्तान के गगनभेदी नारे से आसपास का क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।संचालन वयो बृद्व वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नीरव ने किया।सुरक्षा व्यवस्था में डाला पुलिस डटी रही।
आज ही के दिन 35 वर्ष पूर्व पुलिस की बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज व गोली से एक छात्र समेत नौ लोग शहीद हो गए थे । 35 वर्ष पूर्व इन सभी शहीदों ने हजारों लोगों के साथ उत्तर प्रदेश सीमेंट निगम की डाला, चुनार, चुर्क, सीमेंट फैक्ट्री को तत्कालीन सीएम मुलायम सिंह यादव द्वारा प्राइवेट सेक्टर डालमिया को बेचे जाने का विरोध कर रहे थे । तत्कालीन डीएम ने सुरक्षा जवानों से आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज समेत ताबड़तोड़ पुलिस से गोली चलवा दिया था। गोली कांड की घटना प्रदेश ही नहीं केंद्र सरकार को हिला कर रख दिया था। गोलीकांड की याद आते ही आज भी डाला के हजारों नगर वासियों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं । देश भर में अपने हक के लिए संघर्षरत वीरगति को प्राप्त हुए कर्मचारियों के इतिहास में डाला सीमेंट कर्मचारियों के अमर शहीदों का नाम आज भी बड़ी श्रद्धा व गौरव से लिया जाता है । उन्हीं की याद में प्रत्येक वर्ष 2 जून को शहीदों की पुण्यतिथि नगर वासियों द्वारा मनाई जाती है, इस गोलीकांड में निगम के कर्मचारी रामप्यारे कुशवाहा, शैलेंद्र कुमार राय, सुरेंद्र दुबे, बालगोविंद, रामधारी, रामनरेश राम, नंद कुमार गुप्ता , दीनानाथ एवं छात्र राकेश उर्फ जयप्रकाश त्रिपाठी शहीद हो गए थे । इसके अलावा सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। गोलीकांड के समयानुसार तीन बजकर बीस मिनट पर राजमार्ग पर वाहनों को रोककर सांकेतिक जाम किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की स्मारक पर माला फूल चढ़ाकर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की । शहीदों की याद में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डाला निवासी राजू मिश्रा द्वारा सुबह से गगनभेदी मंत्रोचार के साथ पूजा प्रारंभ कराया गया जिसमें सुबह से दुर्गा सप्तशती पाठ' हरि कीर्तन व सुंदर कांड पाठ किया गया।
सुबह से ही समाजसेवी गायत्री त्रिपाठी, संतोष कुमार बबलू, सभासद अवनिश पाण्डेय के नेतृत्व में राहगीरों समेत यात्रियों को ठंडा शर्बत पिलाया गया।इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, अजीत चौबे,डाला मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह पटेल, कांग्रेसी नेता राजेश द्विवेदी, जूली तिवारी,नागेश मणी पाठक, कवि प्रभात सिंह चंदेल,युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, किसान नौवजवान संघर्ष मोर्चा संदीप मिश्रा, सेवा निवृत्ति सहायक आयुक्त राजीव कुमार, विकास मिश्रा, अपना दल एस नेता आनंद पटेल दयालू, राजू मिश्रा, अशोक चौधरी, संजय मित्तल, मुकेश जैन, उत्तम मिश्रा, चंद्रशेखर सिंह, धीरेन्द्र सिंह , राकेश सिंह, जूम्मन समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अचानक तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश ने भी शहीदों की श्रद्धांजलि हेतु शोक संतप्त परिवारों और मौजूद सैकड़ों लोगों के हौसलों को बारिश भी नही रोक सकी। डाला शहीद स्थल पर दो जून को 35 साल पूर्व यूंही अचानक तेज गरज के साथ बारिश हुई थी।




