Sonbhadra News : चैत्र नवरात्रि की तैयारियों में जुटे लोग, बाजारों में दिखी रौनक
चैत्र नवरात्र की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के देवी मंदिरों में भक्ति का माहौल बनने लगा है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों की साफ-सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मंदिरों के बाहर....

बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी करते लोग व झालरों से सजा शीतला मंदिर धाम..
sonbhadra
11:36 PM, March 29, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चैत्र नवरात्र की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के देवी मंदिरों में भक्ति का माहौल बनने लगा है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों की साफ-सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मंदिरों के बाहर बैरिकेडिंग लगाई गई है, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके साथ ही मंदिरों क़ो झालरों से भी सजाया गया है।
नवरात्र की शुरुआत रविवार से हो रही है, जिसके चलते भक्त नौ दिनों के उपवास और पूजा की तैयारियों में जुट गए हैं। मंदिरों में फूलों से सजावट की जा रही है और भजन-कीर्तन की तैयारियां भी की जा रही हैं। नगर के शीतला मंदिर के पास सजी पूजन सामग्री की दुकानों पर चहल-पहल बढ़ गई है।
नवरात्रि को लेकर न केवल बाजारों में, बल्कि घरों में भी तैयारियां जोरों पर हैं। भक्तजन अपने घरों की सफाई और सजावट में लगे हुए हैं। माता के स्वागत के लिए घरों को सजाया जा रहा है। कई भक्त कलश स्थापना की तैयारियों में भी जुटे हैं, जिससे माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया है।
दुकानदारों के अनुसार, माता की चुनरी 20 रुपए से 150 रुपए, सादा कलश 30 रुपए, रंगीन कलश 50 रुपए, श्रृंगार पैकेट 30 रुपए से 50 रुपए, पंचमेवा 30 रुपए प्रति पैकेट, माता रानी का लहंगा-चुनरी 30 रुपए से 220 रुपए, माला 10 रुपए से 100 रुपए और माता की प्रतिमा ₹60 से ₹250 में उपलब्ध है। इस बार पूजन सामग्री के दामों में 10 से 15% की वृद्धि देखी गई है।यहीं नहीं फल-फूल के साथ ही नीबू के दामों में भी भारी उछाल देखने क़ो मिल रहा है।
इस बार नवरात्र आठ दिन का होगा। चतुर्थी और पंचमी तिथि एक साथ 2 अप्रैल को पड़ रही है, जबकि अष्टमी व्रत 5 अप्रैल को रखा जाएगा। कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त रविवार सुबह 4 बजे से दोपहर 12:14 बजे तक रहेगा। उपवास रखने वाले भक्त 7 अप्रैल को पारण कर सकेंगे।



