Sonbhadra news : मोहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित
आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाने के उद्देश्य से गुरुवार को बीजपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

sonbhadra
8:33 PM, June 11, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाने के उद्देश्य से गुरुवार को बीजपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों, ताजियेदारों, मौलवियों और ग्राम प्रधानों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी मोहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से संभावित समस्याओं और आवश्यक सुझावों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सभी प्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में आपसी सौहार्द का वातावरण बना हुआ है और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर सभी समुदायों का पूरा सहयोग रहेगा।
थाना प्रभारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और आमजन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही बताया कि परंपरागत ताजिया जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और प्रबुद्धजनों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि क्षेत्र में आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
अंत में थाना प्रभारी ने सभी उपस्थित लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न होगा।




