Sonbhadra News : पीसीएस-प्री परीक्षा आज, 10 केंद्रों पर 4200 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
यूपी लोक सेवा आयोग की यूपी पीसीएस 2024 प्रारंभिक परीक्षा कल यानी 22 दिसंबर को समूचे उत्तर प्रदेश में होगी। हंगामे और विवादों के साए के बीच यह परीक्षा जनपद सोनभद्र के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की..

sonbhadra
12:13 AM, December 22, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यूपी लोक सेवा आयोग की यूपी पीसीएस 2024 प्रारंभिक परीक्षा कल यानी 22 दिसंबर को समूचे उत्तर प्रदेश में होगी। हंगामे और विवादों के साए के बीच यह परीक्षा जनपद सोनभद्र के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 4200 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पीसीएस की परीक्षा सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 और फिर अपराह्न ढाई से शाम साढ़े 4 बजे तक दो पालियों में होगी। अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा में शुचिता और पारदर्शिता के लिए परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की आयरिश स्कैनिंग की जाएगी और साथ ही उनके प्रवेश पत्र पर होलोग्राम चस्पा किया जाएगा, ताकि कोई फर्जी प्रवेश पत्र से परीक्षा न दे सके। डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान 200 मीटर परिधि की सभी फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई अभ्यर्थी मुंह ढंककर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करें। आइरिश स्कैनिंग यानि अभ्यर्थियों की आंखों की पुतलियों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद हर अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र पर होलोग्राम चस्पा किया जाएगा, जिससे यह तय होगा कि अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक कार्यवाही हो चुकी है।
पहली बार केंद्रों पर 50 फीसदी परीक्षकों की तैनाती वाह्य केंद्रों से डीएम और डीआईओएस के माध्यम से की गई है, जबकि 50 फीसदी कक्ष निरीक्षक संबंधित परीक्षा केंद्र में नियुक्त शिक्षक ही होंगे। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा शुरू होने के ढाई घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचना होगा. कक्ष निरीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कोई अभ्यर्थी कॉपी, किताब, थैला, मोबाइल फोन या कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर कक्ष में प्रवेश नहीं करेगा. कक्ष निरीक्षक भी अपने पास मोबाइल फोन नहीं रख सकेंगे।
अभ्यर्थी को 3 अलग-अलग रंग की दी जाएगी आंसर शीट -
इसके साथ ही आंसर शीट तीन प्रतियों में होगी जिसमें पहली प्रति गुलाबी रंग की मूल प्रति होगी, जबकि दूसरी प्रति हरे रंग की संरक्षित प्रति और तीसरी प्रति नीले रंग की अभ्यर्थी की प्रति होगी। परीक्षा खत्म होने की घंटी बजते ही कक्ष निरीक्षक आंसर शीट की तीनों प्रति लेकर उसकी गणना करेंगे। ओएमआर शीट की तीनों प्रतियों को दिए गए स्थान से अलग करेंगे। कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों को नीले रंग की प्रति वापस करेंगे. यह प्रक्रिया पूरी होने तक अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में मौजूद रहेंगे।




