Sonbhadra News : हर ओर देशभक्ति की बयार, तिरंगे से सजा बाजार
जनपद में गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर है। दुकानों पर खादी कपड़ा और तिरंगा की बिक्री बढ़ गई है। गणतंत्र दिवस को लेकर कारोबारियों ने छोटे-बड़े कई साइज के तिरंगे बाजार में उतारे हैं। स्टीकर, बैच और...

sonbhadra
8:42 AM, January 25, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर है। दुकानों पर खादी कपड़ा और तिरंगा की बिक्री बढ़ गई है। गणतंत्र दिवस को लेकर कारोबारियों ने छोटे-बड़े कई साइज के तिरंगे बाजार में उतारे हैं। स्टीकर, बैच और रिस्ट-बैंड पर आकर्षक तिरंगे का डिजाइन भी युवाओं को काफी लुभा रहा है। वहीं विद्यालयों और पुलिस लाइन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है। गणतंत्र दिवस को लेकर लोगों में अधिक खुशी और उत्साह देखने को मिल रहा है।
गणतंत्र दिवस को लेकर शहर के स्वर्ण जयंती चौक, मेन चौक, धर्मशाला चौक, रेलवे क्रॉसिंग और चंडी होटल तिराहा आदि स्थानों पर दुकानें सजी हैं। शहर और आस-पास के लोग तिरंगे आदि की खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। गणतंत्र दिवस को लेकर बाजार में तिरंगों की बिक्री शुरू हो गई है। दुकानों पर तिरंगे झंडे के साथ-साथ तिरंगा के रूप में टीशर्ट, बैंड, पैन और कैप आदि अनेक सामग्री बेची जा रही है। शहर में अनेक स्थानों के साथ-साथ खादी की दुकानों पर तिरंगा की खूब बिक्री हो रही है, जहां पहुंचकर लोग अपनी पसन्द का तिरंगा और अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं। खासतौर पर विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर बच्चों को हर दिन अभ्यास कराया जा रहा है।
दुकानदार विनोद ने बताया कि "सबसे अधिक झंडा, रिस्टबैंड, कैप और बैज की बिक्री होती है। बाजार में 10 रुपये से लेकर सौ रुपये तक के झंडे हैं। इसमें तिरंगा बैलून बच्चों को सबसे अधिक लुभा रहा है। वहीं सबसे ज्यादा मांग बाइकों के साथ ही अन्य जगहों पर चिपकने वाले झंडे की है, जिनकी कीमत लगभग 10 से 20 रुपये है।"
दुकानदार संजय कहते हैं कि "स्टीकर पांच रुपये से 50 रुपये तक, रिस्टबैंड 15 रुपये से 40 रुपये, बैज पांच रुपये से 15 रुपये तक का है। बाजार में तिरंगे के अलावा तिरंगे बिल्ले, रिबन, टी-शर्ट, हेयरबैंड, हैंडबैंड, की रिंग आदि चीजों की भी अच्छी मांग हैं। इन सभी चीजों पर तिरंगा बना हुआ है। बड़े झंडों की कीमत 150 से 700 रुपये तक है। इसी तरह कस्बा क्षेत्र की दुकानें भी तिरंगे से सजी हुई हैं।"




