Sonbhadra News : हर घर तिरंगा अभियान में दिखा देशभक्ति का जज्बा, 'वंदे मातरम्' से गूंजा पीएमश्री बालिका इंटर कॉलेज
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज रॉबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने एक स्वर.......

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का डीएम चर्चित गोंड के साथ सामूहिक गान करती छात्राएं......
sonbhadra
11:39 AM, August 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज रॉबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर वातावरण में देशभक्ति का ऐसा रंग घोल दिया कि पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के जयघोष से गूंज उठा। छात्राओं के स्वर में देश के प्रति समर्पण, सम्मान और गौरव की भावना साफ झलक रही थी। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी चर्चित गोंड और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने एक पेड़ मां के नाम के अभियान के तहत पौधरोपण के पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वंदे मातरम् के तृतीय चरण के साथ हर घर तिरंगा अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। नौ से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत भौतिक और डिजिटल दोनों माध्यमों से आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया। ‘वंदे मातरम्’ के गूंजते स्वर और तिरंगे के प्रति सम्मान ने विद्यालय के वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से भर दिया। छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गोंड, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, प्रधानाचार्य निशा सिंह तथा प्रभारी प्रधानाचार्य वंदना सिंह ने भी छात्राओं के साथ सुर में सुर मिलाकर ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। अधिकारियों की सहभागिता से छात्राओं का उत्साह और बढ़ गया।
इस दौरान राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन का नेतृत्व करने वाली 10 बालिकाओं को जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जगाने का अभियान है। युवाओं और विद्यार्थियों की इसमें भागीदारी आने वाली पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं और शिक्षकों ने अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया साथ ही डिजिटल माध्यमों से भी अभियान से जुड़कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।




