Sonbhadra News : 342 पूजा पंडालों में से सिर्फ 120 ने लिया एनओसी, आग से बचाव की दी जा रही जानकारी
आगामी दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों द्वारा पंडालों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पूजा पंडालों में आगलगी की घटनाओं को देखते हुए सीएफओ श्रीराम साहनी और एसीएफओ करन सिंह यादव ने.....

sonbhadra
10:43 AM, October 6, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• अग्निशमन विभाग ने किया दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण
• नगर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 342 स्थानों पर सजाये जा रहे दुर्गा पूजा पंडाल
• अब तक सिर्फ 120 समितियों ने ही ली है फायर एनओसी
सोनभद्र । आगामी दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों द्वारा पंडालों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पूजा पंडालों में आगलगी की घटनाओं को देखते हुए सीएफओ श्रीराम साहनी और एसीएफओ करन सिंह यादव ने शनिवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में बन रहे पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और आग से बचाव को लेकर पूजा समितियों के अध्यक्षों को अग्नि सुरक्षा मानकों के तहत पूजा पंडालों को बनाने की सलाह दी।
बताते चलें कि दो साल पहले भदोही के एक पूजा पंडाल में बड़ा हादसा हुआ था। इसमें कई लोगों की जान गई थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग झुलसे थे। इसके अलावा भी अलग-अलग जिलों में घटनाएं होती रही हैं। इसके मद्देनजर शासन ने सभी पूजन समितियों को पंडालों में अग्निसुरक्षा के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नगर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 342 स्थानों पर सार्वजनिक रूप से दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है, इसके लिए पंडाल बनाने का कार्य जोरों पर है। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को अभी से पूजन पंडालों का निरीक्षण कर वहां आग से बचाव की सुरक्षा सुनिश्चित कराने को कहा गया है। यह भी ध्यान रखने को कहा गया है कि कहीं भी बिजली के तार के नीचे और ट्रांसफाॅर्मर के पास पंडाल न बनने पाए। कहीं भी कमियां मिलती हों तो अभी से उसे दुरुस्त करा दिया जाए।
इस दौरान जिला अग्निशमन अधिकारी श्री राम साहनी ने बताया कि "पंडालों में अग्निसुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम कराने के लिए सभी पूजन समितियों को अवगत कराया गया है। एनओसी देते समय ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वहां सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हों। नजदीकी थानों पर फायर टेंडर की व्यवस्था भी कराई जा रही है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल इसकी मदद ली जा सके। सभी समितियों को अग्निशमन विभाग से एनओसी लेने को कहा गया है। जिले में 342 स्थानों पर पूजा पंडाल सज रहे हैं, मगर अब तक सिर्फ 120 समितियों ने ही एनओसी ली है। पिछले साल यह संख्या 135 थी। निर्देशों की अनदेखी पर संबंधित आयोजन समिति की जवाबदेही तय की जाएगी।
पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग से बनाये द्वार -
एसीएफओ करन सिंह यादव ने बताया कि "पूजा पंडाल में नौ किलो क्षमता के कम से कम दो क्रियाशील फायर एक्सटिंग्यूशर हों। बालू से भरी चार बाल्टी और 200 लीटर पानी से भरा ड्रम अनिवार्य रूप से हो। पंडाल में प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग तीन मीटर चौड़े और पर्याप्त ऊंचाई वाले द्वार हों। आकस्मिक टेलीफोन नंबर 112, 101, अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम 9454418634 और नजदीकी थाने का टेलीफोन नंबर का बोर्ड लगाना अनिवार्य है। हैलोजन की जगह एलईडी लाइट का इस्तेमाल किया जाए। पूजा पंडाल को हाईटेंशन तार, ट्रांसफाॅर्मर व रेल लाइन से दूर बनाया जाए। पंडाल तीन मीटर से कम ऊंचा न रहे।"




