Sonbhadra news : राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में बी.कॉम प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम संपन्न
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में सोमवार को बी.कॉम प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

sonbhadra
7:15 PM, July 27, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र), । राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में सोमवार को बी.कॉम प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल शिक्षा प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण चरण भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. विकास ने बी.कॉम पाठ्यक्रम की रूपरेखा, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों तथा व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. विभा पांडे ने छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, मेहनत और सकारात्मक सोच सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न समितियों, पुस्तकालय, छात्रवृत्ति योजनाओं, परीक्षा व्यवस्था तथा उपलब्ध अन्य सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।




