Sonbhadra News : पुलिस को खुली चुनौती, सर्राफा व्यापारी पर हमला कर 60 लाख के जेवर और नकदी लूट ले गए बदमाश
बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक सर्राफा व्यापारी से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपए नकदी लूट ली। वारदात को......

घटना के बाद मौके पर घायल व्यापारी से पूछताछ करती स्थानीय पुलिस.....
sonbhadra
12:34 PM, July 19, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी । बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक सर्राफा व्यापारी से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपए नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने व्यापारी पर फायरिंग की और व्यापारी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस जंगलों में बदमाशों की तलाश में कांबिंग अभियान चला रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, चपकी गांव निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार पुत्र सीताराम सेठ शनिवार को छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर बाजार से दुकान का सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे जैसे ही वह शीशटोला के जंगल से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और जेवरात से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। व्यापारी के विरोध करने पर बदमाशों ने पहले हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाई, फिर चाकू से लगातार तीन वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश करीब 300 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी के जेवरात, 40 हजार रुपये नकद तथा दुकान की खाताबही से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी कुलधीर ने बताया कि "लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। वारदात के बाद दो बदमाश जंगल के रास्ते पैदल भाग निकले, जबकि एक बदमाश बाइक से जिगनहवा गांव की ओर फरार हो गया।"
वहीं घटना की सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना बभनी के प्रभारी निरीक्षक डी0पी0 यादव ने बताया कि "व्यापारी से नकदी और जेवरात लूटने, फायरिंग तथा मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जंगलों में लगातार कांबिंग कर रही है और आरोपियों की शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।"
वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे बभनी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। व्यापारी वर्ग में भी भारी आक्रोश है और लोगों ने जंगल मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




