Sonbhadra News :दुद्धी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर ओपीडी सेवाएं बन्द, मरीज परेशान
कोलकाता में महिला डॉक्टर की रेप और हत्या के विरोध में शनिवार को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर, नर्स एवं अन्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

sonbhadra
1:16 PM, August 17, 2024
रमेश यादव (संवाददाता )दुद्धी, सोनभद्र।कोलकाता में महिला डॉक्टर की रेप और हत्या के विरोध में शनिवार को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर, नर्स एवं अन्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे दूर -दराज क्षेत्र से इलाज के लिए आए मरीजों को काफ़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुबह जैसे ही लोग दुद्धी अस्पताल पहुंचे तो पंजीकरण काउंटर तथा डॉक्टर कक्ष बन्द मिले। हालांकि डॉक्टरों ने एमरजेंसी सेवाएं जारी रखी हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर शाह आलम ने बताया कि कोलकाता की घटना को लेकर हम सभी डॉक्टर हड़ताल पर हैं लेकिन इमरजेंसी सेवाएं जारी है । उन्होंने बताया कि वे लगातार अस्पताल आये हुए मरीजों से बातें कर रहे हैं और उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि वे उनका साथ दें । उन्होंने बताया कि जिन मरीजों को इमरजेंसी सेवाओं की जरूरत है दिया जा रहा है ।
वही दूर-दराज से आए मरीजों का कहना है कि उन्हें हड़ताल की जानकारी नहीं थी । आज शनिवार को सुबह जब वे ओपीडी पर्ची कटाने पहुंचे तो वहां पर काउंटर बन्द था और उनका पर्ची नहीं बन पाया । इसके बाद जानकारी हुई कि डॉक्टर हड़ताल पर हैं और आज वे अपनी सेवाएं नहीं देंगे । ऐसे में कई मरीजों का कहना है कि वह काफी खर्च कर यहां पर आए थे लेकिन हड़ताल की वजह से उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है।




