Sonbhadra News : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 5 जून से 21 जून तक व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज.....

कार्यालय में अधिकारियों संग बैठक करते डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
4:57 PM, June 2, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• विश्व पर्यावरण दिवस से होगा शुभारंभ, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन
• विकास प्रदर्शनी और योग दिवस कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
सोनभद्र । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 5 जून से 21 जून तक व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का शुभारंभ 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस दौरान अमृत सरोवरों, तालाबों, नहरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। वहीं 11 जून से 14 जून तक मीडिया संवाद एवं संबोधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जून से 16 जून तक जनपद के सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ-साथ जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि 16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें सरकार की विकास योजनाओं, सुशासन और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद 17 जून से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों की उपलब्धियों एवं योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित वृहद योग कार्यक्रम के साथ किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




