Sonbhadra News : बाउली में पैर फिसलने से बृद्ध की मौत, परिजनों में कोहराम
परिजनों के मुताबिक बाजार से घर लौटते समय की घटना

सोनभद्र
7:50 PM, October 10, 2025
राजेश गुप्ता(संवाददाता)
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के पोखरा गांव में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति की बाउली में डूबने से मौत हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान 52 वर्षीय लक्ष्मण पुत्र सुखदेव निवासी पोखरा के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, लक्ष्मण सुबह परसाटोला बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाउली के पास उनका पैर फिसल गया और वे पानी में गिरकर डूब गए। उसी रास्ते से गुजर रहे गांव के पड़ोसी रामपति ने पास में गमछा पड़ा देखा और पानी में कुछ हलचल महसूस की।उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर जमा हो गए। तब तक लक्ष्मण पानी में नीचे जा चुके थे। रामपति ने तत्काल पीआरबी 112 और बभनी पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल और सब इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शव को बाउली से बाहर निकलवाकर पंचनामा किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि पोखरा निवासी लक्ष्मण की बाउली में डूबने से मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।




