Sonbhadra News : अब एक यूनिट पर मिलेगा ढाई किलो गेहूं व ढाई किलाे चावल
अब पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रतिमाह एक यूनिट पर ढाई किलो गेहूं व ढाई किलो चावल मिलेगा। इसी तरह अंत्योदय कार्डधारकों को प्रतिकार्ड 17 किलो गेहूं व 18 किलो चावल प्रतिमाह दिया जाएगा। नवंबर के..

sonbhadra
10:29 PM, November 7, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अब पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रतिमाह एक यूनिट पर ढाई किलो गेहूं व ढाई किलो चावल मिलेगा। इसी तरह अंत्योदय कार्डधारकों को प्रतिकार्ड 17 किलो गेहूं व 18 किलो चावल प्रतिमाह दिया जाएगा। नवंबर के राशन का वितरण आज से शुरू हो गया है।
जिले में राशन की 786 दुकानें हैं, जिसके अंतर्गत लगभग 3.35 लाख पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को राशन योजना का लाभ दिया जाता है। इन लोगों को शासन की ओर से एक यूनिट पर दो किलो गेहूं व तीन किलो चावल दिया जा रहा था। अंत्योदय योजना के 60 हजार 558 परिवारों को प्रति कार्ड 14 किलो गेहूं व 21 किलो चावल वितरित किए जा रहे थे। शासन ने अब राशन में गेहूं की मात्रा को बढ़ा दिया है, जबकि चावल की मात्रा घटाई गई है। इसमें पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को प्रतिमाह एक यूनिट पर ढाई किलो गेहूं व ढाई किलो चावल मिलेगा। इसी तरह अंत्योदय कार्डधारकों को प्रतिकार्ड 17 किलो गेहूं व 18 किलो चावल प्रतिमाह दिया जाएगा। शासन से नवंबर माह के राशन की तिथि निर्धारित कर दी गई है। कार्ड धारक आज से 25 नवंबर तक डीलर से अपना राशन ले सकेंगे।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने बताया कि "शासन से राशन के नए गेहूं व चावल वितरण के नए मानक निर्धारित किए गए हैं। कार्ड धारक नए मानक के अनुसार अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं।"




