Sonbhadra News : अब कचहरी में फर्जी अधिवक्ताओं और मुंशियों नहीं खैर नहीं, सोबाए और डीबीए ने चलाया संयुक्त सघन जांच अभियान
न्यायिक व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने और वादकारियों को ठगी एवं शोषण से बचाने के उद्देश्य से आज सोनभद्र कचहरी परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं एवं मुंशियों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह..........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:31 PM, June 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । न्यायिक व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने और वादकारियों को ठगी एवं शोषण से बचाने के उद्देश्य से आज सोनभद्र कचहरी परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं एवं मुंशियों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सोनभद्र बार एसोसिएशन और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया, जिसमें बिना पंजीकरण वकालत या मुंशीगिरी करने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई। वहीं अभियान का नेतृत्व डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट, पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट, सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट तथा महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट ने किया। इस दौरान बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश में पंजीकृत अधिवक्ताओं की सूची के आधार पर परिसर में मौजूद व्यक्तियों के परिचय-पत्रों और पंजीकरण प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया गया।
सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि "जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर कचहरी परिसर से बाहर किया गया है तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण के वकालत करना अधिवक्ता अधिनियम-1961 का उल्लंघन है और ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार अभियान चलाया जाएगा ताकि न्यायालय परिसर को दलालों एवं फर्जी लोगों से मुक्त रखा जा सके।"
वहीं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि "पिछले कुछ समय से फर्जी मुंशियों और कथित अधिवक्ताओं द्वारा वादकारियों से अवैध धन उगाही की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे तत्व न्यायिक व्यवस्था की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ आम लोगों को आर्थिक नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। उन्होंने पंजीकृत अधिवक्ताओं से अपने मुवक्किलों को जागरूक करने और केवल अधिकृत मुंशियों को ही कार्य पर रखने की अपील की।"
बार पदाधिकारियों ने बताया कि "न्यायिक परिसर की पवित्रता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोनों बार एसोसिएशन संयुक्त रूप से नियमित अंतराल पर ऐसे अभियान चलाते रहेंगे।"
अभियान के दौरान योगेश कुमार द्विवेदी, पवन कुमार सिंह, ओम कुमार चतुर्वेदी, राजेश कुमार यादव, धीरज कुमार पांडेय, सुरेश सिंह कुशवाहा, अशोक पाठक, प्रवीण प्रताप सिंह, आशीष मिश्रा मंटू, टीटू गुप्ता, शारदा मौर्य, संतोष यादव, कामता यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।




