Sonbhadra News : अब दुनिया चखेगी सोनभद्र के गुलाब जामुन का स्वाद, योगी सरकार ने दिलाई ग्लोबल पहचान
भद्र अब अपने खास स्वादिष्ट गुलाब जामुन के लिए भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने "एक जिला, एक व्यंजन" (ओडीओसी) योजना के तहत सोनभद्र के प्रसिद्ध......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:48 PM, May 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 'एक जिला, एक व्यंजन' योजना में शामिल होते ही जिले के मिठाई कारोबार को मिली नई उड़ान
सोनभद्र । देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में पहचान रखने वाला सोनभद्र अब अपने खास स्वादिष्ट गुलाब जामुन के लिए भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने "एक जिला, एक व्यंजन" (ओडीओसी) योजना के तहत सोनभद्र के प्रसिद्ध गुलाब जामुन को शामिल किया है। सरकार के इस फैसले से जिले के कारीगरों और छोटे उद्यमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। माना जा रहा है कि इससे स्थानीय मिठाई कारोबार को नई उड़ान मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि "सरकार इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष सेल का गठन करेगी। यह सेल गुलाब जामुन कारोबार से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही उन्हें आर्थिक सहायता, बैंक ऋण और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। सरकार का उद्देश्य छोटे स्तर पर कार्य कर रहे कारीगरों को संगठित कर उन्हें सफल उद्यमी के रूप में विकसित करना है।"
देश-दुनिया तक पहुंचेगा सोनभद्र के स्वाद का जायका -
उपायुक्त विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि "पारंपरिक तरीके से गुलाब जामुन तैयार करने वाले कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। प्रशिक्षण में गुणवत्ता नियंत्रण, आकर्षक पैकेजिंग, स्वच्छता मानक और उत्पाद की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे, ताकि सोनभद्र के गुलाब जामुन देश ही नहीं बल्कि विदेशों के बाजारों तक भी पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान समय में 200 से अधिक गुलाब जामुन निर्माण इकाइयां संचालित हैं, जिनसे लगभग 300 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। ओडीओसी योजना में चयन होने के बाद इस कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।"
खास स्वाद और सुगंध ने बनाई अलग पहचान -
गुलाब जामुन निर्माता संतोष कुमार मोदनवाल ने बताया कि "सोनभद्र के गुलाब जामुन की खासियत इसकी मुलायम बनावट और अनूठी सुगंध है। इसे मुख्य रूप से मैदा, खोवा और चीनी से तैयार किया जाता है, जबकि स्वाद को और खास बनाने के लिए इसमें इलायची, केसर, काजू, पिस्ता और बादाम का संतुलित मिश्रण मिलाया जाता है। यही वजह है कि इसका स्वाद लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लेता है।"




