Sonbhadra News : अब एल-2 बिल्डिंग में शिफ्ट हुआ दंत, जबड़ा और ओरल कैंसर विभाग
जिला अस्पताल में संचालित दंत रोग विभाग अब एल-टू अस्पताल के भवन में पहले तल पर संचालित होगी। प्राचार्य प्रो0 एस0के0 सिंह के निर्देश पर बकायदा पुरे विभाग को बीते सोमवार को एल-2 बिल्डिंग में शिफ्ट किया..

sonbhadra
9:40 AM, September 12, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिला अस्पताल में संचालित दंत रोग विभाग अब एल-टू अस्पताल के भवन में पहले तल पर संचालित होगी। प्राचार्य प्रो0 एस0के0 सिंह के निर्देश पर बकायदा पुरे विभाग को बीते सोमवार को एल-2 बिल्डिंग में शिफ्ट किया जा चुका है। जहाँ उन्हें बेहतरीन ओटी के साथ एक्सरे की भी सुविधा मिलेगी। पूर्व में जिला संयुक्त अस्पताल की बिल्डिंग में दाँत के मरीजों को ब्लड जाँच और एक्सरे के लिए लम्बी कतारों में लगना पड़ता था जिससे उन्हें परेशानियों का भी सामना करना पड़ता था।
बताते चलें कि एल-2 बिल्डिंग में शिफ्ट किए गए दंत, जबड़ा और ओरल कैंसर (मुंह का कैंसर) विभाग में कार्यरत पाँचों चिकित्सकों के पास अपना-अपना केबिन है, जिसमें बैठ कर वो मरीजों को देख सकते हैं। अब उन्हें भी मरीजों के बेवजह भीड़ से निजात मिलेगी। वहीं मरीजों के बेहतर इलाज के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दो ओटी भी बनाये गए हैं साथ ही साथ मरीजों को यहीं पर एक्सरे की भी सुविधा मिलेगी। पहले दंतरोग से संबंंधित मरीजों को सामान्य मरीजों के साथ लंबी कतार में एक्सरे कराना होता था। हड्डी संबंधित मरीजों के ज्यादा होने से कई बार एक्सरे प्रभावित भी होता था।
वहीं वरिष्ठ दंत रोग डॉ0 अमृत राय ने बताया कि "अब दंत, जबड़ा और ओरल कैंसर (मुंह का कैंसर) विभाग में इलाज के लिए मरीजों को एल-2 बिल्डिंग में आना पड़ेगा। दंत, जबड़ा और ओरल कैंसर (मुंह का कैंसर) विभाग को एल-2 बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है। मरीजों की सहूलियत को देखते हुए अब दंत रोग के मरीजों की एल-2 बिल्डिंग में ही पर्ची बनने लगी है, मरीजों को यहीं सरकारी दवा भी दी जा रही है साथ ही साथ जाँच और एक्सरे की सुविधा भी यहीं मिलेगी। जिससे अब दंत रोग के मरीजों को अनावश्यक भीड़ में जाने से राहत मिलेगी।"




