Sonbhadra News : अब बरसात में नहीं डूबेगा रॉबर्ट्सगंज, डीएम की पहल पर 23.62 करोड़ की लागत से बनेगा वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम
बरसात के दिनों में वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे रॉबर्ट्सगंज नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने नगर की सबसे बड़ी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:56 PM, July 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बरसात के दिनों में वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे रॉबर्ट्सगंज नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने नगर की सबसे बड़ी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 23.62 करोड़ रुपये की लागत से 4.46 किलोमीटर लंबे आधुनिक नाला निर्माण परियोजना को स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) फंड से पूरी की जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य नगर के प्रमुख इलाकों में हर वर्ष होने वाले जलभराव को हमेशा के लिए समाप्त करना है। इसके लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी अध्ययन के आधार पर विस्तृत ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि इमरती कॉलोनी, पुसौली-बढ़ौली चौराहा, मिशन अस्पताल सहित कई क्षेत्रों में बरसात के दौरान गंभीर जलभराव की शिकायतें सामने आने पर जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने जल जीवन मिशन (शहरी) के अधिकारियों की टीम गठित कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे।इसके बाद विशेषज्ञों ने नगर का विस्तृत सर्वे कराया, जिसमें लेवल सर्वे, हाइड्रोलॉजी, कंटूर मैप, सैटेलाइट सर्वे तथा पिछले 30 वर्षों के वर्षा आंकड़ों का गहन अध्ययन किया गया। अध्ययन के दौरान तीन संभावित ड्रेनेज मार्गों का परीक्षण किया गया।
पहला मार्ग नीलकंठ रेस्टोरेंट से चुर्क रोड की ओर था, जिसे भूमि के ऊंचे स्तर और पंपिंग सिस्टम की आवश्यकता के कारण तकनीकी रूप से अनुपयुक्त पाया गया। दूसरा विकल्प पुसौली पोखरा मार्ग था, लेकिन वहां प्राकृतिक जल निकासी का स्रोत नहीं मिलने से उसे भी खारिज कर दिया गया।
विशेषज्ञों ने तीसरे विकल्प नीलकंठ रेस्टोरेंट से कचहरी ड्रेन रूट को सबसे उपयुक्त माना। इस मार्ग पर प्राकृतिक ढाल होने के कारण वर्षा का पानी बिना किसी पंपिंग व्यवस्था के आसानी से कचहरी ड्रेन होते हुए सजौर पोखरा के पास मुख्य सिंचाई नाले में पहुंचेगा, जिससे नगर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की समस्या समाप्त होने की उम्मीद है। परियोजना के अंतर्गत 4,461 मीटर लंबी आरसीसी नालियों, कल्वर्ट, रेलवे एवं नहर क्रॉसिंग, साइफन, विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग तथा पेयजल पाइपलाइन के स्थानांतरण जैसे सभी आवश्यक आधारभूत कार्य कराए जाएंगे। निर्माण कार्य की मूल लागत लगभग 17.95 करोड़ रुपये है, जबकि डिजाइन, जीएसटी, श्रम उपकर एवं अन्य प्रभार जोड़ने के बाद कुल लागत 23.62 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
डीएम बोले, नगरवासियों को स्थायी राहत दिलाना प्राथमिकता -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "रॉबर्ट्सगंज नगर में जलभराव की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी अध्ययन के आधार पर तैयार यह परियोजना नगर को आधुनिक एवं सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी करेगा, ताकि आने वाले समय में नगरवासियों को बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।"




