Shahjahanpur news : चिता की लकड़ी पर मीट पकाने का तस्वीर वायरल, तीन गिरफ्तार
अंतिम संस्कार के बाद चिता स्थल पर कथित तौर पर मीट पकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

shahjahanpur
9:49 PM, September 21, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
पुवायां (शाहजहांपुर)। अंतिम संस्कार के बाद चिता स्थल पर कथित तौर पर मीट पकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी सामने आने पर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव निवासी छोटेलाल का बीमारी के चलते शनिवार को निधन हो गया था। 20 सितंबर की दोपहर गांव के समीप उनका अंतिम संस्कार किया गया। बताया जा रहा है कि शाम को मृतक के परिजन वीरपाल चिता स्थल पर पहुंचे तो वहां तीन लोग कथित रूप से कटोरियों में मीट पकाते दिखाई दिए।
आरोप है कि यह दृश्य देखकर वीरपाल ने मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद वीरपाल ग्रामीणों के साथ पुवायां थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार बताए जा रहे दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और मृतक के परिजनों समेत ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।




