Sonbhadra News : अब बिना 'फॉर्मर रजिस्ट्री' के नहीं मिल सकेगा PM किसान सम्मान निधि - डीएम
जिले के किसानों को अब पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ फार्मर रजिस्ट्री होने पर ही मिलेगा। कृषि विभाग ने जनपद में फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए पहले चरण की योजना के साथ-साथ दूसरा चरण भी 25 नवंबर से....

जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह
sonbhadra
6:21 PM, December 3, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले के किसानों को अब पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ फार्मर रजिस्ट्री होने पर ही मिलेगा। कृषि विभाग ने जनपद में फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए पहले चरण की योजना के साथ-साथ दूसरा चरण भी 25 नवंबर से शुरू हो गया है। योजना के तहत कृषि विभाग के कर्मचारी गांव-गांव शिविर लगाकर किसानों के फार्मर रजिस्ट्री बनाने का काम करेंगे। फार्मर रजिस्ट्री होने से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त और अन्य योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सकेगा। फार्मर रजिस्ट्री पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त ले रहे पात्र किसानों के लिए अनिवार्य होगी। इसके बिना किसानों को अब आगामी किस्त नहीं मिल पाएगी। इसके लिए पात्र किसानों को अपना आधार, मोबाइल नम्बर व सभी खतौनी लेकर जन सेवा केंद्र या कैम्प में जाकर रजिस्ट्री कराना होगा।
सत्यापन के बाद किसानों को दिया जायेगा गोल्डन कार्ड -
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के अन्तर्गत प्रदेश के कृषक विवरण को एग्री स्टैक के अन्तर्गत तैयार कर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में संकलित किया जायेगा। इस हेतु भारत सरकार द्वारा भूलेख के डेटाबेस को समेकित कर प्रत्येक राजस्व ग्राम के प्रत्येक समान नाम व पिता के नाम वाले कृषकों के ऑनलाइन बकेट तैयार कर राजस्व को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जायेगा, जिसका प्रयोग कर राज्य स्तर से फार्मर रजिस्ट्री तैयार किया जाना है। फार्मर रजिस्ट्री हेतु किसान स्वयं से अपने एण्ड्राएड मोबाइल के माध्यम से या नजदीकी जन सेवा केन्द्र से या अपने गांव में आयोजित कैम्प के माध्यम से अपना आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर एवं खतौनी की प्रति लेकर आवेदन कर सकते है। आवेदन करने के उपरान्त डाटा को कृषि/पंचायत विभाग/राजस्व कर्मी के सत्यापनोपरान्त गोल्डेन कार्ड कृषक को उपलब्ध कराया जायेगा।
फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए राजस्व और कृषि विभाग के कर्मचारियों की लगाई गयी है ग्रामवार ड्यूटी -
फार्मर रजिस्ट्री कार्य को समय से सम्पादित करने हेतु जनपद के राजस्व विभाग से 183 लेखपाल, कृषि विभाग से 58 कर्मचारी की ड्यूटी राजस्व ग्रामवार लगायी गयी है। जिसमें तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी तथा विकास खण्ड स्तर पर खण्ड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। पर्यवेक्षीय दायित्व हेतु सम्बन्धित विकास खण्ड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) व सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को दिया गया है, जो अपनी देख-रेख में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य निर्धारित समय सीमा के अन्दर करायेंगे।




