सोनभद्र । प्रकृति के वरदान पहाड़ व नदियां इन दिनों माफियाओं की जागीर बन गई है। नदियों और पहाड़ों में माफियाओं द्वारा अवैध खनन कराया जा रहा है। खाकी और प्रशासनिक जिम्मेदार अवैध खनन पर अभियान तो चलाती है पर सत्ता की हनक और रसूख के आगे कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ जाती है। चोपन, जुगैल, ओबरा, घोरावल, डाला, दुद्धी, म्योरपुर सहित पुरे जिले के नदी घाटों और पहाड़ों में अवैध खनन कराया जा रहा है, जिससे जहां शासन को लाखों के राजस्व की क्षति हो रही है तो वहीं नदियां और पहाड़ों के अस्तित्व पर भी संकट मंडरा रहा है लेकिन अब खाकी ने अवैध खनन को लेकर खास तरीका इजाद किया है, जिससे लोग अवैध खनन की गोपनीय सूचना दें सके और खाकी कार्यवाही कर सके। एसपी के निर्देश पर एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिसे आज पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी किया है। पुलिस ने कहा कि इस नंबर पर सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। एसपी अशोक कुमार मीणा की इस पहल और सख्ती से जहाँ खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं एसपी ने ने दावा किया है कि किसी भी कीमत में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा।