Sonbhadra News : अब सरकारी स्कूल में जला दी गयी बच्चों को वितरित किये जाने वाली दवा, वीडियो वायरल
एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो कम्पोजिट विद्यालय बीजपुर का है, जहां बच्चों को वितरित किये जाने वाली दवा को विद्यालय परिसर में ही जला दिया गया ।

स्कूल परिसर में जली हुई दवाएं
sonbhadra
9:15 AM, December 8, 2024
शान्तनु कुमार
◆ नहीं थम रहा अध्यापकों की लापरवाही
◆ बड़ी मात्रा में आयरन की गोली जलाए जाने की चर्चा
◆ सीएमओ ने दिए जांच के आदेश
सोनभद्र । बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर स्कूल प्रशासन किस तरह खिलवाड़ कर रहा है, यह हाल के दिनों में मधुपुर के चंद्रगुप्त इंटर कालेज में देखने को मिला, जहां बच्चों को वितरित किये जाने वाली एल्बेंडाजोल व आयरन की गोली बच्चों को बांटने के बजाय उसे जला दिया गया । अभी इस मामले की जांच चल ही रही है कि एक नया मामला सरकारी विद्यालय से जुड़ गया । जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो सरकारी विद्यालय बीजपुर का है, जहां बच्चों को वितरित किये जाने वाली दवा को विद्यालय परिसर में ही जला दिया गया । आप तस्वीरों में भी देख सकते हैं कि किस तरह विद्यालय के बाउंड्री के अंदर दवाओं को जला दिया गया ।
इस पूरे मामले पर सीएमओ ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी जांच कराई जाएगी । जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी ।
सीएमओ ने बताया कि अभी हाल ही में मधुपुर में चंद्रगुप्त इंटर कॉलेज का मामला भी सामने आया था जिसमें डीआईओएस से लिखित जबाब मांगा गया था लेकिन आज तक कोई जबाब नहीं मिल सका ।
कुल मिलाकर जिस तरह से स्कूलों में दवाएं जलाए जाने का मामला लगातार देखने को मिल रहा है यह बेहद गंभीर है । लेकिन जिस तरह से इतने गंभीर प्रकरण में भी प्रशासन अब तक किसी दोषी के खिलाफ कार्यवाही नहीं कर सका या अपने आप में न सिर्फ गंभीर है बल्कि यह दर्शाता है कि शिक्षा विभाग बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर कितना चिंतित वह गंभीर है । कुल मिलाकर इस पूरे प्रकरण में शासन को गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए । ताकि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा कोई कर ना सके ।




