Sonbhadra News : अब स्वर्ण जयंती चौक बनेगा अटल चौक, कचहरी तिराहे को मिलेगा बाबा साहब अंबेडकर का नाम
रॉबर्ट्सगंज शहर के प्रमुख चौक-चौराहे अब सिर्फ यातायात के पड़ाव नहीं, बल्कि महापुरुषों की स्मृतियों और उनके विचारों की पहचान बनेंगे। नगर पालिका प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों के नामकरण के साथ उनके...

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:07 PM, August 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज शहर के प्रमुख चौक-चौराहे अब सिर्फ यातायात के पड़ाव नहीं, बल्कि महापुरुषों की स्मृतियों और उनके विचारों की पहचान बनेंगे। नगर पालिका प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों के नामकरण के साथ उनके कायाकल्प की योजना पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में वर्षों से स्वर्ण जयंती चौक के नाम से पहचाने जाने वाले चौराहे को अब अटल चौक के नाम से नई पहचान देने की तैयारी है। वहीं कचहरी तिराहे का नाम बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर तिराहा किए जाने के साथ वहां उनकी प्रतिमा स्थापित कर तिराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा, इसके लिए बकायदा टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है।
₹26 लाख की लागत से होगा सुंदरीकरण -
नगर पालिका की इस पहल के बाद शहर के कई प्रमुख चौराहों का स्वरूप और पहचान दोनों बदलने वाली है। स्वर्ण जयंती चौक पर करीब 26 लाख रुपये की लागत से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 5.5 से 6 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा स्थापना के साथ चौक का आकर्षक ढंग से सौंदर्यीकरण और लाइटिंग भी कराई जाएगी। इससे शहर के इस प्रमुख चौराहे को नया और भव्य स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
कचहरी तिराहे पर दिखेगी बाबा साहब की प्रतिमा -
कचहरी चौक को बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के नाम से विकसित करने की योजना है। यहां करीब 10 लाख रुपये की लागत से लगभग छह फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा के साथ चौक का सुंदरीकरण कराया जाएगा, जिससे यह स्थान शहर में बाबा साहब की स्मृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन सके।
चुर्क मोड़ को मिली छत्रपति शिवाजी की पहचान -
शहर में महापुरुषों के नाम पर चौक-तिराहों को विकसित करने की शुरुआत दिखाई देने लगी है। नगर पालिका कार्यालय के समीप स्थित चुरक मोड़ को छत्रपति शिवाजी तिराहा के रूप में विकसित किया जा चुका है। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने के साथ हाईमास्ट लाइट भी लगाई गई है।
चाचा नेहरू पार्क का बनेगा भव्य स्वागत द्वार -
पीडब्ल्यूडी कार्यालय रोड स्थित चाचा नेहरू पार्क को भी शहरवासियों के लिए और अधिक आकर्षक एवं सुगम बनाने की तैयारी है। पार्क तक लोगों की पहुंच और इसकी पहचान को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से चाचा नेहरू पार्क का स्वागत द्वार विकसित कराया जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। स्वागत द्वार बनने के बाद पार्क की पहचान और बेहतर होगी तथा लोगों को दूर से ही पार्क का प्रवेश मार्ग स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
झांसी की रानी से लेकर सरदार पटेल और दीनदयाल तक की तैयारी -
सिविल लाइंस रोड पर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की स्मृति में द्वार विकसित करने की तैयारी है। नगर पालिका की ओर से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा धर्मशाला चौराहे को सरदार बल्लभभाई पटेल या पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है। प्रस्तावित चौक-तिराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के साथ आकर्षक सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
युवा पीढ़ी होगी महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान से परिचित -
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि "शहर के प्रमुख चौराहों को महापुरुषों के नाम से विकसित करने के साथ उनका आकर्षक सुंदरीकरण कराया जाएगा। इससे शहर के चौराहों को नई पहचान मिलने के साथ युवा पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन और योगदान से परिचित कराने में भी मदद मिलेगी।"




