Sonbhadra News : अब भगवान् दरबार भी सुरक्षित नहीं, करमा में चोर लगातार बना रहे मन्दिर को निशाना
मजे की बात यह है कि चोरी की घटना न रोक पाने में नाकाम इंस्पेक्टर का तबादला तक कर दिया गया लेकिन निजाम बदलने के बाद भी चोरी की घटना नहीं रुकी। नये इंस्पेक्टर पाल के कार्यकाल में दो मंदिरों में चोरी की

sonbhadra
3:06 PM, September 16, 2026
- चोर के आगे करमा पुलिस पस्त, लगातार मिल, रही चुनौती
- 15 दिनों में चौथी चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
- करमा में निजाम बदला मगर नहीं रुकी चोरी की वारदात
संतोष जायसवाल/मनोज कुमार (संवाददाता)
करमा (सोनभद्र) । करमा में अब चोरों के लिए सबसे सुरक्षित और आसान चोरी मन्दिर हो गया है। जिस तरह से करमा क्षेत्र में चोर लगातार मंदिरों को अपना निशाना बना रहे हैं उससे न सिर्फ पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े होने लगे हैं बल्कि पुलिस को भी लगातार खुली चुनौती मिल रही हैं । मजे की बात यह है कि चोरी की घटना न रोक पाने में नाकाम इंस्पेक्टर का तबादला तक कर दिया गया लेकिन निजाम बदलने के बाद भी चोरी की घटना नहीं रुकी। नये इंस्पेक्टर पाल के कार्यकाल में दो मंदिरों में चोरी की घटना हो चुकी है । पुलिस चोरी की घटना का खुलासा करने में जुटी थी कि बीती रात चोरों ने एक बार फिर पुलिस को बड़ी चुनौती देते हुए जोगिनी गांव में दुर्गा मंदिर को निशाना बनाते हुए दुर्गा जी का मुकुट, इनवर्टर, बैट्री और घण्टा उड़ा ले गए।
ग्रामीणों के अनुसार मंदिर में रात 8 बजे आरती के बाद पुजारी परमेश्वर पटेल मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे। सुबह जब ग्रामीणों ने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा तो सन्न रह गए। अंदर झांक कर देखा तो मंदिर से दुर्गा जी का आभूषण, घण्टा, इनवर्टर, बैट्री और लोटिया तक गायब था । बाद में चोरी की घटना की सूचना ग्राम प्रधान रत्नेश पटेल ने करमा थाना पर दी।
आपको बता दें कि पिछले 15 दिनों में मंदिरों से चौथी चोरी की वारदात है । इससे पहले बारी महेवा गांव के मंदिर से एक सप्ताह के अंदर 2 बार घण्टा चोरी हुआ। वहीं 2 दिन पूर्व मदैनिया तालाब के किनारे स्थित दुर्गा मंदिर से भी घण्टा चोरी हुआ था ।
लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटना से क्षेत्र के लोग काफी नाराज व डरे हुए हैं। कई ग्रामीणों का मानना है कि भगवान के दरबार में चोरी, अशुभ है। यह क्षेत्र के लिए अच्छा नहीं है।
बहरहाल लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटना से जहाँ पुलिस की किरकिरी हो रही है वहीं पकड़े न जाने से चोरों का मन भी लगातार बढ़ता जा रहा है।




